नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के भाजपा अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है। वे 20 जनवरी को पार्टी अध्यक्ष बनेंगे। उनके मुकाबले कोई और उम्मीदवार नहीं है इसलिए वे निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाएंगे। उनके अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। नड्डा भाजपा के संसदीय बोर्ड के सदस्य सचिव भी हैं। वे पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे, जहां भाजपा 80 में से 63 सीटों पर जीती। गौरतलब है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले अमित शाह भी उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे।
बहरहाल, बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित समस्त भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री और राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा के नाम का प्रस्ताव करेंगे। इसके बाद नामांकन की समय सीमा खत्म होने के साथ ही 20 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
परंपरा के मुताबिक, भाजपा में अध्यक्ष का चुनाव आम सहमति से किया जाता है। फिर भी अध्यक्ष के नाम की घोषणा को लेकर पूरी चुनाव प्रक्रिया का पालन होता है। इस बीच खबर है कि भाजपा ने सभी प्रदेश अध्यक्षों, संगठन महामंत्रियों और राज्यों में कोर ग्रुप सदस्यों को 20 जनवरी को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचने का निर्देश दिया गया है। इस बीच पिछले कुछ दिनों में राज्यों में भाजपा के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रियाओं में तेजी आई है।