समाचार मुख्य

केजरीवाल का दिल्ली के लोगों को न्योता

ByNI Desk,
Share
केजरीवाल का दिल्ली के लोगों को न्योता
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राजधानी की जनता से रविवार को उनके मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में रामलीला मैदान पहुंचने का न्योता दिया है। केजरीवाल को कल यहां नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में विधायक दल का नेता चुना गया। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए 11 फरवरी को आए परिणामों में केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बार फिर ऐतिहासिक विजय हासिल की है। पार्टी ने 62 सीटें जीती हैं जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आठ पर संतोष करना पड़ा। पिछले विधानसभा चुनाव की तरह कांग्रेस की झोली इस बार भी पूरी तरह खाली रह गई है। केजरीवाल ने गुरुवार ट्वीट कर कहा, दिल्लीवासियों, आपका बेटा तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री की शपथ लेने जा रहा है। अपने बेटे को आशीर्वाद देने जरूर आना है। रविवार सुबह 10 बजे, रामलीला मैदान। मुख्यमंत्री के रूप में रविवार को शपथ लेने के बाद केजरीवाल पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शीला दीक्षित के तीन बार लगातार दिल्ली का मुख्यमंत्री रहने के रिकार्ड की बराबरी करेंगे। वह 1998 से 2013 तक लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं थी। केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप पहली बार किसी चुनाव में दिल्ली विधानसभा के लिए मैदान में उतरी थी और पहले ही प्रयास में 70 में से 28 सीटों पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस के आठ विधायकों के सहयोग से केजरीवाल मुख्यमंत्री बने थे लेकिन लोकपाल के मामले पर मतभेद होने के बाद 49 दिन बाद ही इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 2015 में हुए चुनाव में आप को 70 में से 67 सीटों पर प्रचंड जीत मिली और भाजपा तीन पर सिमट कर रह गई। कांग्रेस शून्य रही।
Published

और पढ़ें