समाचार मुख्य

बारह राज्यों में लॉकडाउन

ByNI Desk,
Share
बारह राज्यों में लॉकडाउन
नई दिल्ली। रविवार को एक दिन के जनता कर्फ्यू के बाद अब दिल्ली सहित देश के 12 राज्यों में पूरी तरह से आंशिक लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। तीन राज्यों- राजस्थान, उत्तराखंड और पंजाब के सभी शहरों को पूरी तरह से बंद करने का ऐलान किया गया है। बाकी राज्यों के ज्यादातर शहर बंद रहेंगे। रविवार की देर शाम तक हुई घोषणा के मुताबिक 12 राज्यों के 236 शहरों में लॉकडाउन की घोषणा की गई है। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए जरूरी सेवाओं को छोड़ कर बाकी सब कुछ बंद किया जा रहा है। दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उप राज्यपाल अनिल बैजल के साथ प्रेस कांफ्रेंस करके लॉकडाउन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दवा, दूध और घरेलू सामानों की दुकानों को छोड़ कर बाकी सब कुछ बंद रहेगा। सारे निजी संस्थान बंद रहेंगे और उनमें काम करने वालों को ऑन ड्यूटी माना जाएगा। दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सीमित की गई हैं। लॉकडाउन के दौरान शहर की सीमा सील कर दी गई है। अरविंद केजरीवाल ने रविवार को लोगों से अपील करते हुए कहा कि जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के नियम नहीं मानने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जरूरी काम के लिए 25 फीसदी डीटीसी की बसें चलाई जाएंगी। अस्पताल या जरूरी कामों के लिए लोग जा सकेंगे। दवा, दूध और राशन की दुकानें खुली रहेंगी। पांच से ज्यादा लोग एक जगह जमा नहीं हो सकेंगे। 23 मार्च से दिल्ली के अंदर घरेलू उड़ानें बंद रहेंगी। दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र के 13 शहरों में लॉकडाउन की घोषणा की गई है। पिंपरी-चिंचवाड़, पुणे, मुंबई, नागपुर, यवतमाल, नवी मुंबई, कल्याण, अहमदनगर, रायगढ़, ठाणे, उल्हासनगर, औरंगाबाद और रत्नागिरि में सब कुछ बंद रहेगा। मध्य प्रदेश में भोपाल सहित नौ शहरों- जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, नरसिंहपुर, रीवा, बैतूल, ग्वालियर, उज्जैन और छिंदवाड़ा में लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ सहित, गाजियाबाद, नोएडा सहित कुल 15 शहरों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
Published

और पढ़ें