समाचार मुख्य

आज से लॉकडाउन तीसरा चरण

ByNI Desk,
Share
आज से लॉकडाउन तीसरा चरण
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए पूरे देश में लागू लॉकडाउन का तीसरा चरण सोमवार से शुरू होगा। यह पहले दो चरणों से बहुत अलग है। इस बार दो हफ्ते की बंदी में केंद्र सरकार ने कई किस्म की गतिविधियां शुरू करने की इजाजत दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पूरे देश को तीन जोन में बांटा है और सबमें अलग अलग गतिविधियां चलाने की मंजूरी दी गई है। सरकार ने जरूरी सामानों के साथ साथ गैर जरूरी सामानों के दुकानों को भी खोलने की इजाजत दे दी है। हालांकि यह इजाजत सशर्त है। केंद्र सरकार ने ग्रीन जोन में ज्यादातर कारोबारी गतिविधियां चलाने की मंजूरी दे दी है। हालांकि सिनेमा हॉल, रेस्तरां, स्कूल-कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियों की इजाजत नहीं होगी। ट्रेन और हवाई सेवा अभी नहीं शुरू की गई है। 17 मई तक उन पर रोक रहेगी। ग्रीन जोन में बसें चल सकेंगी और राज्य के अंदर निजी गाड़ियों की आवाजाही की इजाजत होगी। केंद्र सरकार ने राज्यों को शराब, गुटखा, पान आदि की दुकानें खोलने की मंजूरी दे दी है। ध्यान रहे शराब का कारोबार राज्यों के राजस्व का मुख्य स्रोत होता है। राज्य सरकारों के कार्यालय पूरी क्षमता से काम करेंगे और निजी कार्यलय भी 33 फीसदी कर्मचारियों के साथ काम करना शुरू कर देंगे। औद्योगिक गतिविधियों को भी इजाजत दी गई है। हालांकि ऑरेंज और रेड जोन में कुछ ज्यादा पाबंदी रहेगी पर इन इलाकों में भी कई गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। गौरतलब है कि चार मई से शुरू हो रहा लॉकडाउन 3.0 दो हफ्ते का है और 17 मई को खत्म होगा।
Published

और पढ़ें