मुंबई। महाराष्ट्र की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को समाप्त हो रहा है और नई सरकार के गठन को लेकर गतिरोध जारी रहने के बीच भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को राज्यपाल भगत सिंह कोश्यिारी से मुलाकात करेगा।भाजपा की सहयोगी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रमुख रामदास अठावले ने कहा कि शिवसेना के पास महाराष्ट्र में देवेंद्र फड़णवीस के नेतृत्त्व में भाजपा के साथ सरकार बनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
वहीं, शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि उनके पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर भाजपा से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।राउत ने आगे कहा कि यदि भाजपा नेता राज्यपाल से मिलते हैं, तो उनकी पार्टी इस कदम से सहमत है। राज्य में 21 अक्टूबर को हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। लेकिन नई सरकार में मुख्यमंत्री पद और विभागों के बंटवारे को लेकर भाजपा और उसके गठबंधन सहयोगी शिवसेना के बीच गतिरोध कायम है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंतीवार ने बुधवार को कहा कि प्रदेश इकाई प्रमुख चंद्रकांत पाटिल के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस द्वारा मंजूर एक संदेश के साथ कोश्यिारी से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के साथ मुलाकात का ब्यौरा बाद में मीडिया से साझा किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी ने नये प्रदेश प्रमुख का चयन करने की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला किया है। भाजपा नेता ने कहा कि चंद्रकांत पाटिल अगले मंत्रिमंडल में बने रहेंगे।मुनगंतीवार ने कहा, नए भाजपा प्रदेश प्रमुख का चयन करने की प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी की जाएगी। भाजपा ने एक व्यक्ति एक पद की नीति अपनाई है। पाटिल भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के करीबी माने जाते हैं। पाटिल ने इस साल जुलाई में प्रदेश भाजपा का प्रभार संभाला था। वह निवर्तमान सरकार में राजस्व मंत्री के पद पर हैं।