समाचार मुख्य

चीन के दुस्साहस पर मौन तोडें मोदी : राहुल-प्रियंका

ByNI Desk,
Share
चीन के दुस्साहस पर मौन तोडें मोदी : राहुल-प्रियंका
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारत-चीन सीमा पर सैनिकों की शहादत पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा है कि चीन हमारी जमीन पर कब्जा कर राष्ट्र की संप्रभुता के लिए खतरा बन गया है इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सामने आकर बताना होगा कि सीमा पर तनाव की स्थिति क्या है तथा हमारे जवान कैसे शहीद हुए हैं। गांधी तथा श्रीमती वाड्रा ने आज तल्ख लहजे में मोदी से कहा कि चीन ने हमारी संप्रभुता पर हमला किया है और देश की जमीन छीनकर हमारे सैनिकों की जान ली है। प्रधानमंत्री के लिए यह चुप रहने का वक्त नहीं है इसलिए उन्हें चुप्पी तोड़कर सामने आना चाहिए और देश की जनता को हकीकत बतानी चाहिए कि चीन ने हमारे सैनिकों को मारने तथा हमारी जमीन हड़पने का साहस कैसे किया है। गांधी ने वीडियो जारी कहा दो दिन पहले हिंदुस्तान के 20 सैनिक शहीद हुए। इन सैनिकों को उनके परिवारों से छीना गया। चीन ने हिंदुस्तान की जमीन हड़पी है। प्रधानमंत्री जी आप कहां छिप गये हैं, आप बाहर आइए। पूरा देश एक साथ आपके पीछे खड़ा है। बाहर आइए और बिना डरे हुए देश को सच्चाई बताइये। इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर मोदी को ललकारा और कहा, प्रधानमंत्री चुप क्यों है। वह छिप क्यों रहे हैं। बहुत हो चुका है। हमें बतायें की सीमा पर क्या हुआ। चीन की हिम्मत हमारे सैनिकों को मारने की कैसे हुई। उसने हमारी ज़मीन पर कब्जे का साहस कैसे किया। श्रीमती वाड्रा ने कहा हमारी धरती मां, हमारी संप्रभुता खतरे में है। हमारे जवान शहीद हो रहे हैं। क्या हम चुप बैठे रहेंगे? भारत की जनता सच की हकदार है, उसे ऐसे नेतृत्व की दरकार है जो हमारी जमीन छिनने से पहले अपनी जान देने के लिए तैयार हो।
Published

और पढ़ें