नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ, यूएनओ की स्थापना के 75 साल पूरे होने के मौके पर चल रहे कार्यक्रमों में शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए एक सत्र को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सरकार की ओर से किए गए कामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा- हमने कोरोना के दौर में डेढ़ सौ देशों को मदद दी। सार्क कोविड फंड बनाया। हमने सरकार की कोशिशों को जनता के साथ जोड़ा और कोरोना के खिलाफ जंग को जनता का अभियान बना दिया।
गौरतलब है कि इस साल हमने संयुक्त राष्ट्र की 75वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। भारत इसके 50 संस्थापक सदस्यों में से है। शुक्रवार को इसके एक सत्र को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा- भारत ने यूएन के कामों में योगदान दिया है। आज हम 2030 के एजेंडा और स्थायी विकास के लक्ष्यों में अपना योगदान कर रहे हैं। भारत पूरी दुनिया की जनसंख्या के छठवें हिस्से का घर है। हम जानते हैं कि हमारी जिम्मेदारी क्या है। हम जानते हैं कि अगर भारत अपने आर्थिक लक्ष्यों को हासिल करता है तो यह दुनिया के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए भी फायदेमंद रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- हमारा नारा है कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। पिछले साल हमने गांधी की डेढ़ सौवीं जयंती मनाई। हमने छह हजार गांवों में स्वच्छता का लक्ष्य हासिल किया। हमने 10 करोड़ से ज्यादा घरों में टॉयलेट बनाए। सात करोड़ ग्रामीण महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप का हिस्सा हैं। ये जिंदगियों को बदल रही हैं। हमारी लोकल गवर्नमेंट में 10 लाख से ज्यादा महिलाएं प्रतिनिधित्व कर रही हैं। छह साल में हमने 40 करोड़ बैंक अकाउंट खोले हैं। मोदी ने कहा कि विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने के साथ-साथ हम प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी को नहीं भूले हैं।