समाचार मुख्य

दुनिया में नौ करोड़ से ज्यादा संक्रमित

ByNI Desk,
Share
दुनिया में नौ करोड़ से ज्यादा संक्रमित
नई दिल्ली। दुनिया में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या नौ करोड़ का आंकड़ा पार कर गई है। वायरस का नया स्ट्रेन मिलने और यूरोप के कई देशों में दूसरी लहर शुरू होने के बाद संक्रमितों की संख्या में हर दिन रिकार्ड बढ़ोतरी हो रही है। उधर अमेरिका में हर दिन दो लाख से ज्यादा नए केसेज आ रहे हैं। भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में सात लाख से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर नौ करोड़ दो लाख 22 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो इसी अवधि में 12 हजार के करीब लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 19 लाख 37 हजार से ज्यादा हो गई। कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दो लाख 31 हजार नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो करोड़ 27 लाख 12 हजार से ज्यादा हो गई। तीन दिन के बाद मरने वालों की संख्या में थोड़ी कमी आई। भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में 3,074 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा तीन लाख 81 हजार 536 हो गया। अमेरिका और भारत के बाद दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में रविवार को लगातार पांचवें दिन संक्रमितों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। भारतीय समय के मुताबिक रविवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 60 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 80 लाख 75 हजार से ज्यादा हो गई थी। ब्राजील में रविवार को रात नौ बजे तक 1,155 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख दो हजार 657 हो गई है। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में रविवार को संक्रमितों की संख्या में चार दिन के औसत के बराबर ही बढ़ोतरी हुई। रविवार को रूस में 22,851 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 34 लाख एक हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 61,837 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें