समाचार मुख्य

नए साल में एक करोड़ से ज्यादा नए केस

ByNI Desk,
Share
नए साल में एक करोड़ से ज्यादा नए केस
नई दिल्ली। नए साल में कोरोना वायरस का संक्रमण कम होने की बजाए तेजी से बढ़ रहा है। नए साल के पहले 18 दिन में पूरी दुनिया में एक करोड़ 14 लाख नए केस आए हैं। यानी नए साल के पहले 18 दिन में औसतन हर दिन करीब साढ़े छह लाख नए केसेज आए हैं। इन 18 दिनों में दुनिया भर में दो लाख 11 हजार लोगों की मौत हुई है। इसका मतलब है कि हर दिन करीब 12 हजार लोगों की मौत हुई। इससे पहले पिछले साल नवंबर के महीने में सबसे ज्यादा एक करोड़ 68 लाख केसे आए थे। अगर कोरोना की रफ्तार यहीं रही तो इस महीने नवंबर का रिकार्ड टूट सकता है। इस बीच दुनिया भर में संक्रमितों की संख्या नौ करोड़ 61 लाख से ज्यादा हो गया है। भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में पांच लाख 67 हजार के करीब नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर नौ करोड़ 51 लाख 42 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक वायरस के संक्रमण से मरने वालों का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दुनिया भर 11 हजार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 20 लाख 52 हजार से ऊपर पहुंच गया। कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में लगातार दूसरे दिन संक्रमितों की संख्या दो लाख से नीचे रही। भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में एक लाख 47 हजार नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो करोड़ 46 लाख 32 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में 1,659 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा चार लाख आठ हजार 883 हो गया। अमेरिका और भारत के बाद दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में लगातार दूसरे दिन संक्रमितों की संख्या काबू में रही। भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार को रात नौ बजे पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 24 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 85 लाख 12 हजार से ज्यादा हो गई थी। इसी अवधि में ब्राजील में 460 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख 10 हजार 328 हो गई। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में मंगलवार को संक्रमितों की संख्या में लगातार दूसरे दिन कमी आई। मंगलवार को रूस में 21,734 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 36 लाख 12 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 66,623 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें