समाचार मुख्य

वायरस का नया स्ट्रेन 70 देशों में पहुंचा

ByNI Desk,
Share
वायरस का नया स्ट्रेन 70 देशों में पहुंचा
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन दुनिया के 70 देशों में पहुंच गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन, डब्लुएचओ ने बताया है कि सबसे पहले ब्रिटेन में मिला कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन दुनिया के 50 देशों में पहुंच गया है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका में मिला वायरस का दूसरा स्ट्रेन भी 20 देशों में पहुंच चुका है। दुनिया के 70 देशों में नया स्ट्रेन पहुंचने की पुष्टि हो गई है। जापान में एक तीसरे तरह का स्ट्रेन मिला है, जिसे लेकर डब्लुएचओ ने चिंता जताई है। वैज्ञानिक इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि इसका लोगों के इम्युन सिस्टम पर क्या असर होता है। इस बात की भी पड़ताल हो रही है कि कोविड-19 के लिए बनी वैक्सीन इन पर कारगर होती है या नहीं। डब्लुएचओ ने यह भी कहा है कि वायरस जितना ज्यादा फैलता है उसके उतने नए स्ट्रेन आने की संभावना होती है। इस बीच कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा दो दिन तक औसत रेंज में रहने के बाद बुधवार को एक बार फिर सात लाख से ऊपर पहुंच गया। भारतीय समय के मुताबिक बुधवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में सात लाख दो हजार के करीब नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर नौ करोड़ 21 लाख 80 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो इसी अवधि में 18 हजार के करीब लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 19 लाख 74 हजार से ज्यादा हो गई। कोरोना वायरस के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में भारतीय समय के मुताबिक बुधवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दो लाख 21 हजार नए मामले सामने आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर दो करोड़ 33 लाख 76 हजार से ज्यादा हो गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो भारतीय समय के मुताबिक बुधवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में अमेरिका में रिकार्ड संख्या में 4,592 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा तीन लाख 90 हजार 126 हो गया। अमेरिका और भारत के बाद दुनिया में तीसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में लगातार पांच दिन कमी आने के बाद बुधवार को संक्रमितों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। भारतीय समय के मुताबिक बुधवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 62 हजार के करीब नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 81 लाख 95 हजार से ज्यादा हो गई थी। ब्राजील में बुधवार को रात नौ बजे तक 1,109 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या दो लाख चार हजार 117 हो गई है। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में बुधवार को संक्रमितों की संख्या में पांच दिन के औसत के बराबर ही बढ़ोतरी हुई। बुधवार को रूस में 22,850 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 34 लाख 71 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 63,370 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं।
Published

और पढ़ें