
स्टॉकहोम। नोबल पुरस्कार की घोषणा करने वाली समिति ने एक साथ दो साल- 2018 और 2019 के लिए साहित्य के नोबल पुरस्कार की घोषणा की है। 2018 के लिए पोलिश लेखिका ओल्गा टोकार्जुक को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है। वर्ष 2019 के लिए साहित्य का नोबेल पुरस्कार ऑस्ट्रिया के लेखक पीटर हैंडके को दिया गया है। स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में नोबेल फाउंडेशन ने नोबेल पुरस्कार विजेताओं की घोषणा की।
इससे पहले, बुधवार को रसायन के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की गई थी, और वह लिथियम-आयन बैटरी का विकास करने के लिए अमेरिका के जॉन बी गुडइनफ, इंग्लैंड के एम स्टैनली विटिंघम और जापान के अकीरा योशिनो को साझा रूप से दिया गया था। गुरुवार को साहित्य के नोबल की घोषणा की गई। इसके साथ ही वर्ष 1901 से अब तक साहित्य का नोबेल पुरस्कार 112 बार और 116 लेखकों को दिया जा चुका है। अब तक कुल 15 महिलाओं को साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है। सबसे कम उम्र में साहित्य के नोबेल पुरस्कार से सम्मानित होने वाले 41 साल के रुडयार्ड किपलिंग थे, जिन्हें 1907 में पुरस्कृत किया गया था।