समाचार मुख्य

कोरोना से डेढ़ लाख मौतें!

ByNI Desk,
Share
कोरोना से डेढ़ लाख मौतें!
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों और एक्टिव केसेज की संख्या में लगातार हो रही कमी के बीच संक्रमण से मरने वालों की संख्या डेढ़ लाख का आंकड़ा पार कर गई है। मंगलवार को भारत में लगातार दूसरे दिन संक्रमण से मरने वालों की संख्या दो सौ से नीचे रही। देर रात तक मरने वालों की कुल संख्या एक लाख 50 हजार से थोड़ी ज्यादा हो गई थी। जहां तक संक्रमितों की संख्या का सवाल है तो मंगलवार को देर रात तक पूरे देश में 16 हजार के करीब नए केसेज मिले थे, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर एक करोड़ तीन लाख 74 हजार के करीब पहुंच गई। भारत में कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाने की तैयारियों के बीच अच्छी खबर यह है कि नए साल में संक्रमितों की संख्या का रोजाना का औसत 20 हजार से नीचे बना हुआ है। इसके साथ ही एक्टिव केसेज की संख्या में भी रिकार्ड गिरावट हुई है। इस हफ्ते के पहले दो दिन में 20 हजार के करीब एक्टिव केसेज कम हुए हैं, जिसके बाद देश में अब एक्टिव केसेज की संख्या सवा दो लाख के करीब रह गई है। देश में सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में मंगलवार को 3,160 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 19 लाख 50 हजार 171 हो गई। महाराष्ट्र में मंगलवार को 64 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 49,759 हो गई। राज्य में एक्टिव केसेज की संख्या 50 हजार से नीचे बनी हुई है। संक्रमितों की रोजाना की संख्या के लिहाज से केरल लगातार कई दिनों से सबसे ऊपर है। वहां तीन दिन की कमी के बाद मंगलवार को एक बार फिर संक्रमितों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ। राज्य में 5,615 नए मामले आए, जिसके बाद केरल में संक्रमितों की संख्या सात लाख 84 हजार 489 हो गई। राज्य में मंगलवार को 24 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 3,184 हो गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को संक्रमितों की संख्या में सोमवार के मुकाबले थोड़ी बढ़ोतरी हुई। राज्य में मंगलवार 424 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या छह लाख 27 हजार 698 हो गई। राज्य में 12 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 10,609 हो गई। राजस्थान में मंगलवार को संक्रमितों की संख्या चार सौ से भी नीचे रही। राज्य में 397 केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या तीन लाख 10 हजार 675 हो गई। बिहार में मंगलवार को महज 411 केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा दो लाख 54 हजार 689 हो गया। केरल को छोड़ कर बाकी के दक्षिणी राज्यों में संक्रमितों की संख्या में गिरावट का सिलसिला जारी है। मंगलवार को आंध्र प्रदेश में महज 377 नए मामले आए। तमिलनाडु में 820 नए मामले आए। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक रविवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या एक करोड़ तीन लाख 56 हजार 844 थी, जिसमें से एक लाख 49 हजार 850 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें