समाचार मुख्य

साढ़े 11 लाख से ज्यादा मौतें

ByNI Desk,
Share
साढ़े 11 लाख से ज्यादा मौतें
नई दिल्ली। दुनिया भर के देशों में कोरोना वायरस के संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच इसके संक्रमण से मरने वालों की संख्या साढ़े 11 लाख से ज्यादा हो गई है। दुनिया भर में हर दिन औसतन तीन से छह हजार तक मौतें हो रही हैं। परंतु भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक दुनिया भर में सात हजार से ज्यादा लोगों के मरने की खबर आई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 11 लाख 51 हजार से ऊपर पहुंच गई। जहां तक संक्रमितों की संख्या का सवाल है तो शुक्रवार के मुकाबले शनिवार को थोड़ी कमी आई पर यह भी रोजाना के औसत से ज्यादा रही। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में दुनिया में साढ़े चार लाख से ज्यादा मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर चार करोड़ 26 लाख 12 हजार से ज्यादा हो गई। असल में यूरोप के देशों में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है इसलिए पूरी दुनिया का रोजाना का आंकड़ा बढ़ गया है। फ्रांस, जर्मनी, पोलैंड, बेल्जियम, रोमानिया जैसे देशों में हर दिन बड़ी संख्या में संक्रमित सामने आ रहे हैं। दुनिया भर में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 82 हजार से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद अमेरिका में संक्रमितों की कुल संख्या 87 लाख 57 हजार से ऊपर पहुंच गई। जहां तक मरने वालों की संख्या का सवाल है तो शनिवार को रात नौ बजे तक पिछले 24 घंटे में 799 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा दो लाख 29 हजार 376 हो गया। दुनिया में दूसरे सबसे ज्यादा संक्रमित देश ब्राजील में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में औसत के थोड़ी कम बढ़ोतरी हुई। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को रात नौ बजे तक ब्राजील में 23 हजार नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 53 लाख 55 हजार से ज्यादा हो गई। पिछले 24 घंटे में ब्राजील में 566 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या एक लाख 56 हजार 528 हो गई। दुनिया में चौथे सबसे ज्यादा संक्रमित देश रूस में पिछले एक महीने से संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। भारतीय समय के मुताबिक शनिवार को 24 घंटे में 16 हजार से ज्यादा मामले आए। रूस में 24 घंटे में 16,521 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 14 लाख 97 हजार से ऊपर पहुंच गई। रूस में मरने वालों की संख्या 25,821 हो गई है। संक्रमितों के आंकड़े वर्ल्डमीटर्स की वेबसाइट की सूचना पर आधारित हैं। 70 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। हर दिन आने वाले केसेज की औसत संख्या कम हुई है तो इलाज से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। शनिवार को देर रात तक देश में इलाज से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या साढ़े 70 लाख के करीब पहुंच गई है। मरीजों के ठीक होने की दर सबसे ज्यादा आंध्र  प्रदेश में है। वहां 95 फीसदी से ज्यादा लोग इलाज से ठीक हो गए हैं। इस बीच शनिवार तक देश में टेस्टिंग का आंकड़ा भी 10 करोड़ का आंकड़ा पर कर गया। बहरहाल, भारत में एकाध राज्यों को छोड़ कर हर जगह संक्रमितों की संख्या में कमी आ रही है। सबसे बेहतर रिकवरी रेट वाले राज्य आंध्र प्रदेश में संक्रमितों की संख्या आठ लाख से ज्यादा हो गई है। अब तक आठ लाख तीन हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 95.22 फीसदी यानी सात लाख 65 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं और 32 हजार हजार से ज्यादा मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। रिकवरी के मामले में आंध्र प्रदेश देश में सबसे आगे है। बहरहाल, शनिवार को देर शाम तक संक्रमितों की कुल संख्या 46,679 नए मामले आए थे, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 78 लाख 62 हजार 479 हो गई थी। देर शाम तक कई राज्यों के आंकड़े नहीं आए थे। उनके आंकड़े अपडेट होने के बाद संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को लगातार दूसरे दिन चार हजार से ज्यादा मामले आए। शनिवार को दिल्ल में 4,116 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर तीन लाख 19 हजार 828 हो गई। दिल्ली में शनिवार को 36 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा 6,225 पहुंच गया। दिल्ली में एक्टिव केसेज की संख्या 26,647 हो गई है। एक समय यह कम होकर दस हजार के नीचे हो गई थी। दक्षिण के राज्यों में केरल में सबसे तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। राज्य में शनिवार को 8,253 नए संक्रमित मिले, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख 86 हजार 53 हो गई। सबसे ज्यादा संक्रमित महाराष्ट्र में शनिवार को संक्रमितों की संख्या में बड़ी कमी आई। राज्य में 6,417 नए केसेज मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 16 लाख 38 हजार 961 हो गई। राज्य में 137 लोगों की मौत हुई। पश्चिम बंगाल में शनिवार को 4,148 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर तीन लाख 45 हजार 574 हो गई। राज्य में 59 लोगों की मौत हुई। गुजरात में शनिवार को 1,021 और हरियाणा में 1,299 नए केसेज आए। ओड़िशा में 1,695 नए केसेज आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 79 हजार 582 हो गई। राजस्थान में 1,852 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या एक लाख 84 हजार 422 हो गई। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी के आंकड़ों पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की देर शाम तक कुल संक्रमितों की संख्या 78 लाख 14 हजार 682 थी, जिसमें से एक लाख 17 हजार 956 लोगों की मौत हो चुकी है।
Published

और पढ़ें