उड़ती -उड़ती खबरें

अमेरिका बेचता रहेगा, भारत खरीदता रहेगा...

ByNI Desk,
Share
अमेरिका बेचता रहेगा, भारत खरीदता रहेगा...
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत को तीन अरब डॉलर के हेलीकाप्टर और सैन्य उपकरण बेचकर अमेरिका लौट रहे हैं। भारत ने उनका भव्य स्वागत किया और अमेरिका से हेलीकाप्टर और सैन्य उपकरण खरीदे। यह मोदी सरकार की एक उपलब्धि है, जिसका डंका बजेगा। भारत बहुत दिलदार है। देश के लोग भले ही लड़ें, झगड़ें, आधा पेट रहें, बुनियादी जरूरतों को तरसते रहें, अपनी सरकार विदेशों के लिए अपना खजाना लुटाने को तैयार रहती है। यह बात अलग है कि अमेरिका का रुख भारत के लिए ठीक नहीं है। व्यापार संधि में वह भारत के हितों के खिलाफ शर्तें लागू करना चाहता है। कई महीनों से बात हो रही है। अब तक मसौदा नहीं बना। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ट्रंप के साथ साझा प्रेस कांफ्रेंस में कहते हैं, दोनों देशों के बीच तीन साल में व्यापार में डबल डिजिट में बढ़ोतरी हुई है, दोपक्षीय व्यापार के संबंध में भी दोनों देशों के बीच सकारात्मक बातचीत हुई।
इसे भी पढ़ें :- मोदी-ट्रंप की जबर्दस्त जुगलबंदी
हम एक बड़ी ट्रेड डील पर भी सहमत हुए हैं। इसके सकारात्मक परिणाम निकलेंगे। ट्रेंप ने कहा, मोदी के साथ बातचीत में 21.5 हजार करोड़ रुपए के रक्षा सौदे को मंजूरी दी गई है। साथ ही हम दोनों देश आतंकवाद खत्म करने के लिए काम करेंगे। पाकिस्तान पर इसके लिए दबाव बनाएंगे। यह ट्रंप और मोदी की आठ महीने में पांचवीं मुलाकात है। मोदी ने कहा, अमेरिका-भारत के संबंध सिर्फ दो सरकारों के बीच नहीं, पीपुल सेंट्रिक है। यह इक्कीसवीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण स्थिति में हैं। ट्रंप ने कहा, बीते दो दिन शानदार रहे। खास तौर से कल मोटेरा स्टेडियम में। यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। भारतीयों की मेहमाननवाजी याद रहेगी। मोदी यहां बेहतरीन काम कर रहे हैं। भारत की जनता ने अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ भारत के प्रधानमंत्री की जोरदार दोस्ती देखी। इस पर सभी भारतीयों को गर्व करना चाहिए। भले ही देश का कोई फायदा नहीं होता हो। मोदी अमेरिका में जाकर ट्रंप की जय बोलते हैं, ट्रंप भारत आकर मोदी की जय बोलते हैं। भारत और अमेरिका के संबंध इससे बेहतर और क्या हो सकते हैं? अमेरिका बेचता रहेगा, भारत खरीदता रहेगा। बड़े सौदे होते रहेंगे। दोस्ती मजबूत रहेगी। देश के भीतर राजनीति करने के लिए पाकिस्तान है ही।
Published

और पढ़ें