समाचार मुख्य

सरकार का फिर दावा, दिसंबर तक सबको टीके!

ByNI Desk,
Share
सरकार का फिर दावा, दिसंबर तक सबको टीके!
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बहुत बड़ा दावा किया है। कोरोना वैक्सीन की भारी किल्लत के बीच सरकार ने कहा है कि इस साल के अंत तक पूरे देश को टीका लगा दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को बताया कि भारत में टीकाकरण का काम दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने अब तक वैक्सीन की 216 करोड़ डोज के उत्पादन का रोडमैप तैयार किया है। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने दावा किया था कि दिसंबर तक देश की सभी व्यस्क आबादी को टीका लगा दिया जाएगा। गौरतलब है कि देश में अभी टीके की बड़ी किल्लत है और लगभग सभी राज्यों में टीकाकरण के केंद्र बंद पड़े हुए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जहां दो हफ्ते पहले तक सवा लाख से ज्यादा टीके रोज लग रहे थे वहां अब 40 से 50 हजार के बीच ही टीके लग पा रहे हैं। भारत में 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू हुआ था और अभी तक सिर्फ 20 करोड़ लोगों को टीका लग पाया है, इसमें भी चार करोड़ से कुछ ज्यादा लोगों की ही दोनों डोज लग पाई है। बहरहाल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास फिलहाल 1.84 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज उपलब्ध है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि उन्हें अगले तीन दिनों में तीन लाख वैक्सीन की डोज और मिल जाएगी। केंद्र सरकार के मुताबिक अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 22.46 करोड़ डोज मिल चुकी है। इसमें केंद्र की ओर से दी गई मुफ्त वैक्सीन और राज्यों की खुद की खरीदी गई वैक्सीन शामिल है। पिछले हफ्ते केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा था कि भारत 2021 के अंत तक कम से कम अपनी सभी वयस्क आबादी का टीकाकरण करने की स्थिति में होगा। उन्होंने आगे भरोसा दिया था कि देश की स्वास्थ्य सुविधाओं में तेजी से सुधार किया जा रहा है कि कोरोना वायरस का अगला म्यूटेंट फिर से आ सकता है और भविष्य में यह बच्चों के लिए खतरा बन सकता है। हालांकि बाद में कई डॉक्टरों ने बच्चों पर असर की बात की पुष्टि नहीं की।
Published

और पढ़ें