गुवाहाटी। कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम में कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान शुरू करते हुए महिलाओं से वादा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो घरेलू महिलाओं यानी गृहिणियों को हर महीने दो हजार रुपए दिए जाएंगे। तमिलनाडु में कमल हसन ने इसका चुनावी वादा किया है। उन्हीं की तर्ज पर प्रियंका ने गृहिणी सम्मान योजना शुरू करने का वादा किया। विधानसभा चुनावों की घोषणा के बाद पहला चुनावी दौरा प्रियंका ने किया। उन्होंने मंगलवार को असम के तेजपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। प्रियंका गांधी ने कहा- असम आपकी मां है और आप अपनी पहचान व अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। भाजपा सरकार ने आपसे किए हुए वादे पूरे नहीं किए और आपकी पहचान पर भी हमला किया। उन्होंने कहा- हम वादे नहीं, आपको गारंटी दे रहे हैं। यदि कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो हम ऐसा कानून बनाएंगे, जिससे सीएए यहां लागू नहीं होगा।
उन्होंने कहा- कांग्रेस की सरकार बनी तो असम की गृहिणियों के लिए हर महीने दो हजार रुपए गृहिणी सम्मान राशि दी जाएगी। कांग्रेस महासचिव ने अपने भाषण में कहा- राज्य में बिजली के दो सौ यूनिट मुफ्त मिलेंगे, जिससे हर महीने 14 सौ रुपए की बचत होगी। साथ ही, हम चाय के बागान के मजदूरों को हर दिन 365 रुपए का पारिश्रमिक देंगे। इसके अलावा प्रियंका ने युवाओं को पांच लाख रोजगार देने का वादा भी किया। इससे पहले सोमवार को असम में प्रियंका ने महिलाओं से आग्रह किया था कि वे आगामी चुनाव में जिम्मेदारी से मतदान करें, क्योंकि यह उनके और उनके बच्चों के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में महिलाओं के प्रति अपराध की दर देश में सबसे ज्यादा है और मौजूदा सरकार ने स्थिति को सुधारने के लिए कुछ नहीं किया। प्रियंका चाय बागान में गईं, जहां उन्होंने मजदूरों के साथ चाय की पत्तियां भी तोड़ीं।