समाचार मुख्य

प्रियंका को खाली करना होगा बंगला

ByNI Desk,
Share
प्रियंका को खाली करना होगा बंगला
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को 35, लोधी एस्टेट स्थित सरकारी बंगला खाली करना होगा। उन्हें बुधवार को इसका नोटिस दिया गया है। बंगला खाली करने के लिए प्रियंका को एक अगस्त तक का समय दिया गया है। बुधवार को आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय ने यह फैसला किया। एसपीजी सुरक्षा घेरा होने की वजह से प्रियंका को यह बंगला आवंटित किया गया था। पिछले दिनों प्रियंका गांधी वाड्रा से एसपीजी सुरक्षा वापस ली गई थी और जेड प्लस सुरक्षा दी गई थी। एसपीजी सुरक्षा घेरे में रहने वालों के लिए सरकारी बंगले का प्रावधान है। जेड प्लस सुरक्षा में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए उनका आवंटन रद्द किया गया है। अगर एक अगस्त तक बंगला खाली नहीं किया तो उसके बाद जुर्माने के तौर पर किराया लगेगा। बंगला खाली करने का नोटिस मिलने से एक दिन पहले प्रियंका ने वाराणसी के बुनकरों की खराब स्थिति का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा था। प्रियंका ने ट्विट किया था कि प्रधानमंत्री के चुनाव क्षेत्र के बुनकर जो वाराणसी की शान हैं, आज वे अपने गहने और घर गिरवी रखकर गुजारा करने को मजबूर हैं। उन्हें आर्थिक मदद का ठोस पैकेज ही तंगहाली से निकाल सकता है। गौरतलब है कि पार्टी महासचिव और उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने के बाद प्रियंका लगातार सक्रिय हैं।
Published

और पढ़ें