
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को किसानों के समर्थन में प्रदर्शन किया। उन्होंने केंद्र सरकार के बनाए तीन कृषि कानूनों का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जब तक सरकार कानूनों को वापस नहीं लेती है तब तक उनकी पार्टी पीछे नहीं हटेगी। राहुल गांधी ने दिल्ली में उप राज्यपाल निवास के पास हुए पार्टी के प्रदर्शन में हिस्सा लिया। कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को देश भर के राजभवनों के सामने प्रदर्शन किया।
कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल राहुल गांधी ने कहा- कुछ साल पहले केंद्र सरकार ने भूमि अधिग्रहण विधेयक के माध्यम से किसानों की जमीन छीनने का प्रयास किया था। कांग्रेस ने उसे रोका। भाजपा एक बार फिर किसानों पर आक्रमण कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा- ये तीनों कानून किसानों की मदद करने के लिए नहीं हैं, बल्कि उन्हें खत्म करने के लिए हैं। सरकार कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाना चाहती है।
राहुल ने कहा- कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। सरकार को ये तीनों कानून वापस लेने होंगे। सरकार जब तक ये कानून वापस नहीं लेगी तब तक कांग्रेस पीछे नहीं हटने वाली है। इससे पहले, राहुल गांधी ने ट्विट करके केंद्र सरकार को निशाना बनाया था। उन्होंने लिखा था- देश के अन्नदाता अपने अधिकार के लिए अहंकारी मोदी सरकार के ख़िलाफ़ सत्याग्रह कर रहे हैं। आज पूरा भारत किसानों पर अत्याचार व पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के विरुद्ध आवाज बुलंद कर रहा है। आप भी जुड़िए और इस सत्याग्रह का हिस्सा बनिए।
कांग्रेस ने कृषि कानूनों के खिलाफ शुक्रवार को किसान अधिकार दिवस मनाया। पार्टी के नेताओं ने प्रदेश मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया और राज्यपालों व उप राज्यपालों को ज्ञापन दिया। कांग्रेस ने आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में ‘स्पीकअप फॉर किसान अधिकार’ हैशटैग से सोशल मीडिया अभियान भी चलाया। कांग्रेस के प्रदर्शन में राहुल गांधी के साथ उनकी बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुईं।