समाचार मुख्य

राजनाथ ने चीन, पाक पर साधा निशाना

ByNI Desk,
Share
राजनाथ ने चीन, पाक पर साधा निशाना
मॉस्को। शंघाई सहयोग संगठन, एससीओ की बैठक में हिस्सा लेने के लिए तीन दिन के रूस के दौरे पर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को पाकिस्तान और चीन पर निशाना साधा। रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना आतंकवाद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद की सभी रूपों और इसके समर्थकों की निंदा करता है। राजनाथ सिंह ने चीन के रक्षा मंत्री की मौजूदगी में चीन का नाम लिए बिना कहा कि शांतिपूर्ण, स्थिर और सुरक्षित एससीओ क्षेत्र के लिए जरूरी है कि सदस्योंन के बीच एक दूसरे के प्रति गैर-आक्रामकता का परिचय दिया जाए। उन्होंने कहा कि शांति के लिए आक्रामक तेवर ठीक नहीं। इस बैठक में भारत और रूस के अलावा चीन के रक्षा मंत्री भी भाग ले रहे थे। गौरतलब है कि लद्दाख में भारत और चीन के बीच हाल में कई बार झड़प हुई है। तभी इस बैठक में राजनाथ सिंह का शामिल होना बेहद अहम माना जा रहा है। राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को अपने संबोधन में कहा शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए भारत अंतरराष्ट्री य कानूनों और मतभेदों के शांतिपूर्ण समाधान का पक्षधर रहा है। उन्होंने कहा- शांतिपूर्ण, स्थिर और सुरक्षित एससीओ क्षेत्र के लिए जरूरी है कि सदस्योंऔ के बीच एकदूसरे के प्रति विश्वांस हो साथ ही संवेदनशीलता और गैर-आक्रामकता का परिचय दिया जाए। रक्षा मंत्री सिंह ने आगे कहा- अफगानिस्ताान में सुरक्षा का मसला बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है। भारत अरब की खाड़ी में मौजूदा हालात को लेकर भी बहुत चिंतित है। हम आपसी सम्मान और संप्रभुता के आधार पर बातचीत के जरिए मतभेदों को सुलझाने के लिए खाड़ी क्षेत्र के देशों का आह्वान करते हैं। बैठक में राजनाथ सिंह ने युद्ध की भयावहता को लेकर भी सचेत किया। मास्को में मिले भारत और चीन के रक्षा मंत्री पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन के साथ पिछले करीब चार महीने से चले आ रहे गतिरोध के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मास्को में अपने चीनी समकक्ष जनरल वी फेंगे से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच सीमा पर जारी गतिरोध के बीच रक्षा मंत्रियों की यह पहली मुलाकात है। दोनों देशों के रक्षा मंत्री शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सदस्य देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए मास्को में हैं। यह मुलाकात इस बैठक से इतर हुई है। दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच मास्को के होटल मेट्रोपोल में मुलाकात हुई जहां चीनी रक्षा मंत्री श्री सिंह से मिलने के लिए पहुंचे। रक्षा मंत्रियों के साथ उनके देशों के शिष्टमंडल भी थे। भारत और चीन के सैनिकों के बीच पिछले सप्ताह पेगोंग झील के दक्षिणी किनारे पर हुए ताजा घटनाक्रम के बाद एक बार से तनाव बढने के मद्देनजर इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चीन और भारत के सैनिकों के बीच गत 15 जून को हिंसक झड़प हुई थी जिसमें भारत के एक कर्नल सहित 20 सैनिक शहीद हो गये थे। चीन के भी बड़ी संख्या में सैनिक मारे गये थे हालाकि चीन ने कभी आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान नहीं किया।
Published

और पढ़ें