नई दिल्ली। देश में पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी। उन्होंने दावा किया है कि पेट्रोलियम उत्पादों पर शुल्क बढ़ा कर सरकार ने पिछले साढ़े छह साल में 21 लाख करोड़ रुपए की कमाई की है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगभग हर दिन हो रही बढ़ोतरी को लेकर रोज सरकार के ऊपर हमला कर रहे हैं। दूसरी विपक्षी पार्टियां भी लगातार इसका विरोध कर रही हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को आधे दिन के बंद का आयोजन भी किया था।
प्रधानमंत्री मोदी को लिखी चिट्ठी में सोनिया गांधी ने लिखा है- प्रधानमंत्री जी, आशा है आप सकुशल होंगे. मैं यह पत्र आपको आसमान छूती तेल व रसोई गैस की कीमतों से हर नागरिक के लिए उत्पन्न गहन पीड़ा और संकट के बारे में बताने के लिए लिख रही हूं। उन्होंने आगे लिखा- एक तरफ, भारत में रोजगार खत्म हो रहा है, कर्मचारियों का वेतन घटाया जा रहा है और घरेलू आय लगातार कम हो रही है वहीं दूसरी तरफ, मध्यम वर्ग व समाज के हाशिए पर रहने वाले लोग रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
सोनिया गांधी ने पत्र में आगे लिखा- तेजी से बढ़ती महंगाई और घरेलू सामान और हर जरूरी वस्तु की कीमत में अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने इन चुनौतियों को और अधिक गंभीर बना दिया है। उन्होंने लिखा- खेद इस बात का है कि संकट के इस समय में भी भारत सरकार लोगों के कष्ट व पीड़ा दूर करने की बजाय उनकी तकलीफ बढ़ा कर मुनाफाखोरी कर रही है। सोनिया ने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमत में हुई रिकार्ड बढ़ोतरी का हवाला देते हुए लिखा- ईंधन के दाम इस समय ऐतिहासिक रूप से अधिकतम ऊंचाई पर हैं, जो पूरी तरह अव्यवहारिक हैं। यह तथ्य है कि देश के कई हिस्सों में पेट्रोल के दाम एक सौ रुपए प्रति लीटर को भी पार कर गए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने चिट्ठी में लिखा है- डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने करोड़ों किसानों की परेशानियों को और अधिक बढ़ा दिया है। सोनिया ने आगे लिखा- देश के तमाम नागरिक इस बात से परेशान हैं कि यह बढ़ोतरी ऐसे समय पर की जा रही है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें मध्यम स्तर पर ही हैं। उन्होंने लिखा है- सही बात तो यह है कि कच्चे तेल की ये कीमतें यूपीए सरकार के कार्यकाल से लगभग आधी हैं, इसलिए पिछले 12 दिन में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में की गई वृद्धि, विशुद्ध रूप से दुस्साहसिक मुनाफाखोरी का उदाहरण है।
सोनिया ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र
और पढ़ें
-
राजस्थान रॉयल्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन से हराया
जयपुर। यहां के सवाई मानसिंह स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए ईपीएल 2024 के मैच में युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal)...
-
घर का सोना नीलाम
छुड़ा पाने में नाकामी के कारण बड़ी संख्या में लोगों का कर्ज के लिए गिरवी रखा गया सोना अगर नीलाम...
-
केजरीवाल पर नेता चुनने का दबाव
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का राज चलाने के लिए नया...
-
अखिलेश व आजम का विवाद कितना सही
समाजवादी पार्टी में नए और पुराने नेताओं की बहस लगभग समाप्त हो गई है। पुराने नेताओं में अब सिर्फ आजम...