समाचार मुख्य

पांच राफेल विमान भारत पहुंचे

ByNI Desk,
Share
पांच राफेल विमान भारत पहुंचे
अंबाला। फ्रांस से सोमवार को रवाना हुए पांच राफेल लड़ाकू विमान बुधवार को भारत पहुंच गए। सात हजार किलोमीटर की दूरी तय करके और एक दिन के संयुक्त अरब अमीरात में पड़ाव के बाद बुधवार को पांचों विमान अंबाला एयरबेस पर उतरे। वायु सेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया खुद इन विमानों का स्वागत करने के लिए मौजूद थे। राफेल विमानों ने कुछ देर तक अंबाला के आसमान पर गरजते हुए उड़ान भरी और फिर एयरबेस पर स्मूद लैंडिंग की। पांचों राफेल एक ही एयरस्ट्रिप पर एक के बाद एक उतरे। इसके बाद इन्हें वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया। विमानों के भारत पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संस्कृत का श्लोक ट्विट किया- राष्ट्र रक्षा के समान पुण्य नहीं, राष्ट्र रक्षा के समान व्रत नहीं और राष्ट्र रक्षा के समान यज्ञ नहीं। राफेल का स्वागत है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने भी विमानों के भारत पहुंचने का स्वागत किया। राफेल की अगवानी वायु सेना प्रमुख एयरचीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया सहित वेस्टर्न एयर कमांड के कई अधिकारियों ने की। बहरहाल, 22 साल बाद भारत को पांच नए लड़ाकू विमान मिले हैं। इससे पहले 1997 में भारत को रूस से सुखोई मिले थे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राफेल के भारत पहुंचने का स्वागत करते हुए कहा कि भारत की सरजमीं पर राफेल का उतरना सैन्य इतिहास में एक नए युग की शुरुआत है। इससे पहले जब राफेल की टुकड़ी ने भारत के एयरस्पेस में प्रवेश किया, तब उसका आईएनएस कोलकाता से संपर्क हुआ। नौसेना के इस जहाज ने राफेल के पायलट से संपर्क साधा और कहा- एरो लीडर, हिंद महासागर में आपका स्वागत है। हैप्पी लैंडिंग, हैप्पी हंटिंग। परमाणु हथियार ले जाने की क्षमता रखने वाला ये विमान दुनिया में अकेला ऐसा फाइटर एयरक्राफ्ट है, जो 55 हजार फीट की ऊंचाई से भी दुश्मन को तबाह करने की ताकत रखता है। सबसे अहम बात यह है कि ये काबिलियत हमारे पड़ोसियों पाकिस्तान और चीन दोनों की ही सेना के पास नहीं है। हालांकि कतर, मिस्र आदि देशों में पहले से राफेल विमानों की बड़ी टुकड़ी मौजूद है।
Published

और पढ़ें