समाचार मुख्य

नहीं बढ़ रही वैक्सीनेशन की रफ्तार

ByNI Desk,
Share
नहीं बढ़ रही वैक्सीनेशन की रफ्तार
नई दिल्ली। केंद्र और राज्यों की सरकारों के तमाम प्रयासों के बावजूद भारत में कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए चलाया जा रहा वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। हालांकि दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले स्पीड फिर भी ठीक है। गुरुवार को देर शाम सात बजे तक जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पूरे देश में सिर्फ 28 लाख लोगों को वैक्सीन लगाया जा सका है। गौरतलब है कि भारत में वैक्सीनेशन का अभियान 16 जनवरी को शुरू हुआ था और  पिछले 13 दिन में 28 लाख लोगों को वैक्सीन लगी है। इसका मतलब है कि हर दिन दो लाख के करीब लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। तय लक्ष्य के मुताबिक अब तक 40 लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग जानी चाहिए थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 20 फीसदी से कुछ ज्यादा लोगों को ही अभी तक वैक्सीन लगाई जा सकी है। तमिलनाडु, झारखंड, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों में भी स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने की दर बहुत धीमी है। गौरतलब है कि सरकार पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगवा रही है। इसके बाद फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया जाएगा। यह भी ध्यान रहे कि अभी वैक्सीन की पहली डोज दी गई है और एक हफ्ते के बाद दूसरी डोज दी जाएगी। तब टीकाकरण की स्पीड और भी कम हो सकती है। इस बीच देश भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या में तेजी से कमी आ रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को 199 नए मामले आए। इससे एक दिन पहले बुधवार को सिर्फ 96 मामले मिले थे। राजधानी में वायरस के संक्रमण से गुरुवार को छह लोगों की मौत हुई। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में गुरुवार को 2,889 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 20 लाख 18 हजार 413 हो गई है। राज्य में गुरुवार को 50 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद मरने वालों की संख्या 50,944 हो गई है। राजस्थान में गुरुवार को सिर्फ 85 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या बढ़ कर तीन लाख 17 हजार 189 हो गई। राज्य में गुरुवार को दो लोगों की मौत हुई। गुजरात में 346 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या दो लाख 60 हजार 566 हो गई। गोवा में गुरुवार को 85 नए मामले आए। गुरुवार को देर रात तक देश भर में संक्रमितों की संख्या एक करोड़ सात लाख 12 हजार पहुंच गई थी। इसमें एक्टिव केसेज की संख्या एक लाख 70 हजार के करीब है।
Published

और पढ़ें