समाचार मुख्य

कोरोना से तीन लाख मौतें!

ByNI Desk,
Share
कोरोना से तीन लाख मौतें!
नई दिल्ली। दुनिया भर के देशों में कोरोना वायरस का संक्रमण और इससे मरने वालों की संख्या में बुधवार से गुरुवार के बीच 24 घंटे में अचानक बड़ी बढ़ोतरी हुई। गुरुवार सुबह तक 24 घंटे में करीब 95 हजार नए मामले आए, जिससे संक्रमितों की संख्या 44 लाख 71 हजार से ज्यादा हो गई। मरने वालों की संख्या रोजाना के औसत के बराबर ही। 24 घंटे में करीब चार हजार लोग मरे, जिससे मरने वालों का आंकड़ा दो लाख 99 हजार 610 पहुंच गया। इस संक्रमण के मरीजों में से गुरुवार की सुबह तक 16 लाख 79 हजार से कुछ ज्यादा मरीज इलाज से ठीक भी हुए हैं। बहरहाल, दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में 24 घंटे में 1,813 लोगों की मौत हुई, जबकि और करीब 22 हजार संक्रमित मिले। गुरुवार की सुबह तक अमेरिका में 14 लाख 35 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। वहीं, 85 हजार 408 लोगों की जान जा चुकी है। देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य न्यूयॉर्क में साढ़े तीन लाख से ज्यादा मामले मिल चुके हैं, जबकि करीब 27 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच खबर है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लॉकडाउन हटाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे संक्रामक रोग विशेषज्ञ एंथनी फॉची के पक्ष में नहीं हैं। फॉची ने कहा था कि अर्थव्यवस्था खोलने से संक्रमण बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है। ट्रंप ने कहा कि वे उनसे सहमत नहीं हैं। ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका ने टेस्ट की क्षमता बढ़ा दी है। जल्दी ही वहां एक करोड़ टेस्ट कर लिए जाएंगे। उधर फ्रांस की बहुराष्ट्रीय दवा कंपनी सनोफी ने अमेरिका को सबसे पहले कोविड-19 की वैक्सीन देने की बात कही है। इस पर फ्रांस ने नाराजगी जाहिर की है। फ्रांस की उप नित्त मंत्री एग्नेस पैनियर ने कहा है- सनोफी कंपनी का बयान गलत है इसे बिल्कुल भी नहीं माना जाएगा। यदि कोई वैक्सीन बनी तो उस पर पूरी दुनिया का अधिकार होगा। गौरतलब है कि सनोफी कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पाउल हडसन ने बुधवार को कहा था कि उसकी ओर से बनाई गई वैक्सीन में पहला अधिकार अमेरिका का होगा, क्योंकि अमेरिका ने उनको वैक्सीन रिसर्च के लिए फंड मुहैया कराया है। यूरोप में अब संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित ब्रिटेन में अब तक 33 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। वहां अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। वहीं, दो लाख 29 हजार 705 लोग संक्रमित हैं। संक्रमण के मामले में वह चौथा सबसे प्रभावित देश है। डब्लुएचओ ने फिर चेताया विश्व स्वास्थ्य संगठन, डब्लुएचओ ने कोरोना वायरस को लेकर एक बार फिर चेतावनी दी है। संगठन के आपात परिस्थिति संबंधी प्रमुख ने कहा है कि यह अनुमान लगाना असंभव है कि वैश्विक महामारी पर कब तक नियंत्रण पाया जा सकेगा। डॉ. माइकल रयान ने बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा- ‘संभवत: यह वायरस कभी न जाए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या अभी तक कम है। उन्होंने कहा कि टीके के अभाव में लोगों के भीतर इस वायरस के खिलाफ प्रतिरक्षा तंत्र मजबूत होने में वर्षों लग सकते हैं। उन्होंने कहा- यह हमारे समुदायों में एक अन्य महामारी विषाणु बन सकता है। उन्होंने कहा कि पहले आई अन्य बीमारियां जैसे कि एचआईवी कभी खत्म नहीं हुई, बल्कि उनका इलाज खोजा गया ताकि लोग इस बीमारी के साथ जी सकें। रयान ने बताया कि ऐसी उम्मीद है कि इसका एक प्रभावी टीका आएगा लेकिन तब भी इसे बड़ी मात्रा में बनाने और दुनिया भर के लोगों तक मुहैया कराने के लिए बहुत काम करने की जरूरत होगी।
Published

और पढ़ें