लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अपराध की बढ़ती घटनाओं और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने राज्य के मुख्य़मंत्री योगी आदित्यनाथ को चिट्ठी लिखी है। वे पिछले कुछ समय से लगातार ट्विट करके यूपी में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर सवाल उठाती थीं। ट्विटर पर ये मुद्दे उठाने के बाद उन्होंने चिट्ठी लिख कर कहा है कि बढ़ते अपराध से राज्य के लोग बुरी तरह से परेशान हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह कानून व्यवस्था ठीक करे।
असल में पिछले साल सक्रिय राजनीति में उतरने और पार्टी की उत्तर प्रदेश की प्रभारी बनने के बाद से ही प्रियंका ने 2022 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाया है और वे लगातार राज्य सरकार पर हमलावर रही हैं। हाल के दिनों में हुई कई आपराधिक घटनाओं के बाद प्रियंका ने उत्तर प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है।
प्रियंका ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपहरण की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे जनता काफी परेशान है। उन्होंने लिखा है- यूपी में घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं और कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इस समय इन मामलों के प्रति पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पूरे मुस्तैदी और दक्षता से कार्यवाही करें।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति सुधारने की अपील की गई है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने पत्र में गाजियाबाद के विक्रम त्यागी के साथ ही कानपुर के संजीत और गोंडा व गोरखपुर के बालक के अपहरण का भी मामला उठाया है। प्रियंका ने कहा कि गाजियाबाद पुलिस और जिला प्रशासन विक्रम त्यागी के मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।