Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आर्टेमिस-III की तैयारी में जुटा नासा

चंद्रमा पर मानव मिशनों को लेकर तेजी से काम कर रहे अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने आर्टेमिस-III मिशन की तैयारियां और तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नासा 9 जून को इंस्टाग्राम लाइव कार्यक्रम के माध्यम से आर्टेमिस-III मिशन से जुड़े एस्ट्रोऩॉट्स से दुनिया को रूबरू कराएगा। यह कार्यक्रम भारतीय समयानुसार रात में प्रसारित होगा, जिसमें मिशन की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। 

नासा ने इंस्टाग्राम पर किए पोस्ट में बताया कि 9 जून को सुबह 11 बजे ईडीटी (1500 यूटीसी) पर आयोजित होने वाले इंस्टाग्राम लाइव में आर्टेमिस-III मिशन के लिए चयनित अंतरिक्ष यात्री शामिल होंगे। इस दौरान मिशन से संबंधित अहम जानकारियां भी मिल सकती हैं।

नासा के अनुसार, आर्टेमिस-III मिशन भविष्य में चंद्रमा पर मानव लैंडिंग को संभव बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। मिशन के तहत एसएलएस (स्पेस लॉन्च सिस्टम) रॉकेट की मदद से ओरियन अंतरिक्ष यान में अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेजा जाएगा। वहां ओरियन स्पेसक्राफ्ट और निजी कंपनियों द्वारा विकसित कमर्शियल लैंडर्स के बीच रेंडेजवस और डॉकिंग क्षमताओं का परीक्षण किया जाएगा।

Also Read : पश्चिम बंगाल : फरार टीएमसी नेता जहांगीर खान गिरफ्तार, पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से पकड़ा

यह परीक्षण इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भविष्य के आर्टेमिस मिशनों में अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह तक पहुंचाने के लिए कमर्शियल लैंडर्स की आवश्यकता होगी। नासा का मानना है कि इन तकनीकों की सफलता चंद्र अभियानों को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाएगी।

आर्टेमिस-III डेमोंस्ट्रेशन मिशन में निजी अंतरिक्ष कंपनियों स्पेसएक्स और ब्लू ओरिजिन के लैंडर्स में से एक या दोनों का उपयोग किया जा सकता है। मिशन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ओरियन अंतरिक्ष यान और कमर्शियल लैंडर्स के बीच सफलतापूर्वक मिलन और डॉकिंग हो सके। यही तकनीक भविष्य में अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।

नासा के अनुसार, फिलहाल मिशन की तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही हैं और लॉन्च को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। एजेंसी ने यह भी संकेत दिया है कि आर्टेमिस-III मिशन के डिजाइन और क्रू से जुड़ी विस्तृत जानकारी 2027 में प्रस्तावित लॉन्च के करीब साझा की जाएगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version