त्योहारी सीजन के दौरान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने स्पष्ट किया है कि सभी मूल्य के नोट बाजार में पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। केंद्रीय बैंक ने सोशल मीडिया पर आरबीआई गवर्नर के नाम से प्रचारित एक फर्जी सर्कुलर के सामने आने के बाद यह स्पष्टीकरण दिया है।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी स्पष्टीकरण में कहा है कि उसे पता चला है कि कुछ तत्व इस फर्जी सर्कुलर को फैला रहे हैं।
Also Read : एप्पल का तिमाही राजस्व 114 अरब डॉलर पर, भारत में भी रिकॉर्ड बिक्री
इस सर्कुलर में, जिस पर आरबीआई गवर्नर के फर्जी दस्तावेज भी हैं, कहा गया है कि त्योहारी सीजन में 10 रुपये, 20 रुपये और 50 रुपये के कम मूल्य वाले नोटों की कमी हो सकती है।
आरबीआई ने अपने पोस्ट में लिखा है, सर्वप्रथम यह स्पष्ट किया जाता है कि आरबीआई के वॉल्ट और करेंसी चेस्ट में सभी मूल्य के, जिनमें छोटे मूल्य वर्ग के नोट भी शामिल हैं, पर्याप्त नोट उपलब्ध हैं। इसलिए, उस फर्जी सर्कुलर में दी गई जानकारी भ्रामक है।
केंद्रीय बैंक ने आम लोगों से अपील की है कि वे गलत और भ्रामक जानकारियों की बजाय ऐसे मामलों में केवल आरबीआई द्वारा समय-समय पर जारी की गई जानकारी पर ही भरोसा करें।
Pic Credit : UNI
