विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुक्रवार को चौतरफा बिकवाली रही और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक दो सप्ताह से अधिक के निचले स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई का सेंसेक्स सुबह 177 अंक गिरकर 77,903 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। यह ऊपर 78,049 अंक और नीचे 77,684 अंक तक गया। अंत में पिछले कारोबारी दिवस की तुलना में 70.71 अंक टूटकर 78,009.25 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी-50 सूचकांक 29.85 अंक की गिरावट में 24,366 अंक पर बंद हुआ। यह 30 जुलाई के बाद का इसका सबसे निचला बंद स्तर है।
वृहत बाजार में ज्यादा बिकवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.74 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.69 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में मीडिया और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद को छोड़कर अन्य सभी समूहों में गिरावट रही। ऑटो, बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, आईटी, धातु, फार्मा, रियल्टी और तेल एवं गैस के सूचकांक भी टूट गये।
Also Read : राष्ट्रपति मुर्मू के ‘एट होम रिसेप्शन’ में शामिल होंगे कार्तिक आर्यन
एनएसई में जिन 3,461 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 1,854 के शेयर लाल निशान में और 1,478 के हरे निशान में रहे। अन्य 129 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 23 के शेयरों में गिरावट रही। एशियन पेंट्स का शेयर 1.69 प्रतिशत टूट गया। इंडिगो में 1.39 प्रतिशत, एनटीपीसी में 1.19, पावरग्रिड में 1.08, भारतीय स्टेट बैंक में 1.04, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.03, टेक महिंद्रा में 0.93 और सन फार्मा में 0.92 प्रतिशत की गिरावट रही।
टाटा स्टील, ट्रेंट, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, टीसीएस, बीईएल, बजाज फिनसर्व और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी नीचे बंद हुए।
भारती एयरटेल में 2.53 फीसदी और अडानी पोर्ट्स में 1.82 फीसदी की तेजी रही। आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी बढ़त में रहे।
वैश्विक स्तर पर जापान का निक्केई 0.59 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.01 प्रतिशत मजबूत हुआ। हांगकांग का हैंग सेंग 1.10 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.81 प्रतिशत ऊपर था जबकि ब्रिटेन का एफटीएसई 0.06 प्रतिशत टूट गया।
Pic Credit : ANI
