घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को उतार-चढ़ाव के बीच बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स आधा फीसदी की बढ़त में बंद हुआ हालांकि आईटी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हावी रही।
सेंसेक्स करीब 65 अंक गिरकर 76,853 अंक पर खुला, लेकिन तुरंत हरे निशान में आ गया। दोपहर होते-होते कुछ देर के लिए एक बार फिर यह लाल निशान में गया, लेकिन बाद में 383.55 अंक (0.50 प्रतिशत) की मजबूती के साथ 77,301.40 अंक पर बंद हुआ जो 26 अगस्त के बाद का इसका अधिकतम स्तर है। बीच कारोबार में यह ऊपर 77,396.04 अंक और नीचे 76,604.85 अंक तक गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 149.75 अंक यानी 0.63 प्रतिशत ऊपर 23,960.60 अंक पर पहुंच गया। यह गत 01 सितंबर के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।
वृहत बाजार में भी सभी सूचकांक ऊपर रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.42 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक दो फीसदी की बढ़त में रहा।
सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी मीडिया सबसे अधिक 5.15 प्रतिशत उछल गया। आईटी की 1.50 प्रतिशत की गिरावट को छोड़कर अन्य सभी सूचकांक हरे निशान में रहे।
Also Read : अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के शुरुआती नतीजों में डेमोक्रेट्स ने जीत हासिल कीं
धातु समूह का सूचकांक 2.80 प्रतिशत, रियल्टी 2.85 प्रतिशत और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूह का सूचकांक 2.04 प्रतिशत मजबूत हुआ। एफएमसीजी, ऑटो, तेल एवं गैस, रसायन और सीमेंट सेक्टरों के सूचकांक भी एक से दो प्रतिशत तक चढ़े।
एनएसई में जिन 3,704 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,720 के शेयर हरे निशान में और 883 के गिरावट में रहे। अन्य 101 कंपनियों के शेयर अंत में अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 21 के शेयरों में तेजी रही। बीईएल का शेयर सबसे अधिक 4.56 फीसदी और टाइटन का 4.28 फीसदी चढ़ा। इंडिगो में 2.39 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस में 2.38, आईटीसी में 2.32, अडानी पोर्ट्स में 2.30 और बजाज फिनसर्व में 2.09 प्रतिशत की मजबूती रही। टाटा स्टील का शेयर 1.93 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.72, एचडीएफसी बैंक का 1.55, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.03 और भारतीय स्टेट बैंक का 0.95 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। मारुति सुजुकी, पावरग्रिड, ट्रेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एनटीपीसी के शेयर भी हरे निशान में रहे।
टीसीएस ने सबसे अधिक 2.70 प्रतिशत का नुकसान उठाया। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 2.23 प्रतिशत, इंफोसिस का 1.65, इटरनल का 1.60 और कोटक महिंद्रा बैंक का 1.08 फीसदी टूट गया। एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयरों में भी गिरावट रही।
वैश्विक स्तर पर एशिया निक्केई 1.42 प्रतिशत लुढ़क गया। वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट 2.16 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 1.67 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.43 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.05 प्रतिशत ऊपर था।
Pic Credit : UNI
