विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को तेजी रही और प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहे।
बीएसई का सेंसेक्स 888.68 अंक (1.16 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 77,654.60 अंक पर और निफ्टी-50 सूचकांक 264.85 अंक यानी 1.1 प्रतिशत ऊपर 24,250.20 अंक पर बंद हुआ। वृहत बाजार में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.63 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.48 प्रतिशत ऊपर बंद हुए।
रियल्टी और ऑटो को छोड़कर सभी सेक्टरों में तेजी रही। निफ्टी आईटी सूचकांक 2.32 फीसदी और निफ्टी मेटल 2.31 फीसदी चढ़ गये।
Also Read : वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को 90 रनों से हराया
एफएमसीजी, वित्त, मीडिया, फार्मा और स्वास्थ्य समूहों के सूचकांक एक प्रतिशत से अधिक मजबूत हुए। सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर करीब पौने पांच प्रतिशत चढ़ गया। इंफोसिस में साढ़े चार प्रतिशत की तेजी रही। ट्रेंट, एलएंडटी, टाटा स्टील और भारती एयरटेल के शेयर दो से ढाई प्रतिशत तक मजबूत हुए।
टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इटरनल और एक्सिस बैंक के शेयर एक से दो प्रतिशत उछल गये।
मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सनफार्मा, टेक महिंद्रा, आईटीसी और बजाज फाइनेंस के शेयर भी रहे निशान में रहे। अडानी पोर्ट्स में तीन फीसदी से अधिक और महिंद्रा एंड महिंद्रा में डेढ़ फीसदी की गिरावट देखी गयी। पावरग्रिड और बीईएल के शेयर भी नीचे बंद हुए।
Pic Credit : ANI
