Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आम सहमति बनने तक

New Delhi, Aug 13 (ANI): Lok Sabha Speaker Om Birla and MPs stand for 'Vande Mataram' before the proceedings of the House during the Monsoon Session of Parliament, in New Delhi on Thursday. (Sansad TV/ANI Video Grab)

परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए दो तिहाई बहुमत जुटाने के क्रम में भाजपा ने जो तरीके अपनाए, उन्होंने संदेह और बढ़ाया है। कांग्रेस के परिसीमन संबंधी चार सूत्री प्रस्ताव को इसी पृष्ठभूमि में देखा जाना चाहिए।

लोकसभा सीटों के परिसीमन का प्रश्न लोकतांत्रिक व्यवस्था की साख के सामने एक बड़ा सवाल बन कर खड़ा हो गया है। केंद्र के यह एलान करने के बाद कि सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ेंगी, दक्षिणी राज्यों की चिंताएं घटी हैं, लेकिन परिसीमन के जरिए चुनाव क्षेत्रों को सत्ताधारी दल के अनुरूप ढालने के अंदेशे गंभीर होते जा रहे हैं। असम में विधानसभा सीटों के परिसीमन का जो तजुर्बा रहा, उनसे राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों के लिए दीर्घकालिक प्रतिकूल परिस्थितियां बनने की आशंका अधिक ठोस लगने लगी है। परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए संसद में दो तिहाई बहुमत जुटाने के क्रम में भाजपा ने जो तरीके अपनाए हैं, उन्होंने संदेह और बढ़ाया ही है।

कांग्रेस के परिसीमन संबंधी चार सूत्री प्रस्ताव को इसी पृष्ठभूमि में देखा जाना चाहिए। केंद्र को इन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उसे ध्यान में रखना चाहिए कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित गंभीर आरोपों और चुनाव संचालन संबंधी अन्य चिंताओं ने चुनाव प्रणाली को लेकर पहले ही अविश्वास की गहरी खाई बना रखी है। अब परिसीमन का रास्ता रोड-रोलर तरीके से साफ किया गया, तो उसका बेहद खराब असर होगा। अतः कांग्रेस की मांगों को फिलहाल मान लेना सही नजरिया होगा। कांग्रेस ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को यथावत बनाए रखने, राज्यों के बीच सीटों के वर्तमान अनुपात में फेरबदल ना करने, और मौजूदा सीट ढांचे के भीतर ही महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण (लगभग 182 सीटें) लागू करने का सुझाव दिया है।

इनके साथ उसने परिसीमन की बहस को 25 वर्ष के लिए टाल देने की मांग भी की है। अगर यह अवधि ज्यादा है, तो इसे बदल कर राजनीतिक आम सहमति बनने तक के लिए इस बहस को टाला जा सकता है। यह फॉर्मूला मान लेने से महिलाओं के लिए आरक्षण का मकसद हासिल हो जाएगा, जबकि चुनाव प्रणाली को और अविश्वास का शिकार होने से बचा लिया जाएगा। जबकि रहस्य और संदेह के वातावरण में अगर सरकार ने आगे बढ़ने की कोशिश की, तो उससे निर्वाचन प्रणाली की साख पर बेहद गहरी चोट पहुंचेगी।

Exit mobile version