बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ में पढ़ाई के प्रति जुनून रखने वाली बुजुर्ग महिलाओं की कहानी से भावुक हो गये। अनिल कपूर ने इन महिलाओं को पढ़ाने वाली शिक्षिका शीतल के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें ‘जादूगरनी’ कहा।
शो में महाराष्ट्र के खांगणे गांव से पहुंचीं प्रतियोगी शीतल ने बताया कि वह बुजुर्ग महिलाओं के लिए शुरू किए गए स्कूल में पढ़ाती हैं। उनकी छात्राएं उम्र से जुड़ी चुनौतियों के बावजूद बचपन में अधूरे रह गए पढ़ाई के सपने को पूरा कर रही हैं।
शीतल ने बताया कि याददाश्त, नजर और सुनने से जुड़ी परेशानियों के बावजूद ये महिलाएं पूरे उत्साह से पढ़ाई करती हैं और खेलकूद में भी हिस्सा लेती हैं। उनके सीखने के जज्बे ने अनिल कपूर को भावुक कर दिया।
Also Read : व्यक्तिगत दुख को पीछे छोड़ नेमरा में जनसेवा में जुटे सीएम हेमंत सोरेन
अनिल कपूर ने शीतल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाना मुश्किल होता है, लेकिन बुजुर्गों को सिखाना और भी कठिन है। उन्होंने महिलाओं को दोबारा बचपन जीने का अवसर देने के लिए शीतल को ‘जादूगरनी’ की संज्ञा दी।
इस दौरान बुजुर्ग छात्राओं ने वीडियो संदेश के जरिए अनिल कपूर को अपने स्कूल आने का न्योता दिया। इस पर उन्होंने मराठी में कहा, “आजी शिकली, प्रगती झाली”, जिसका अर्थ है कि दादी ने पढ़ाई की, तो तरक्की की राह खुली। महिलाओं के जज्बे को सलाम करते हुए अनिल कपूर उनकी तस्वीर के सामने झुके और तस्वीर में उनके पैर छूकर सम्मान व्यक्त किया।
‘इंडिया के टॉप 1%-द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस पर होता है। इसे जियोहॉटस्टार पर भी देखा जा सकता है।
Pic Credit : UNI
