Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पहली बार छठ पूजा मनाना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा : आयुष्मान खुराना

Ayushmann Khurrana

बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने कहा है कि पहली बार छठ पूजा मनाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा है। आयुष्मान खुराना ने कहा कि पंजाबी परिवार से होने के कारण उन्होंने पहले कभी छठ पूजा नहीं मनाई थी। सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के गीत ‘बुलाए छठी मां’ की शूटिंग के दौरान पहली बार इस पर्व का अनुभव करना उनके लिए बेहद खास और भावुक कर देने वाला रहा।

फिल्म में आयुष्मान के साथ शरवरी भी नजर आएंगी। ‘बुलाए छठी मां’ गीत में छठ पूजा की आस्था, भक्ति और परंपराओं को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है। यह पर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होते हैं।

Also Read : न्यूजीलैंड ने भारत पर 244 रनों से बड़ी जीत दर्ज की

आयुष्मान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छठ पूजा से जुड़ी भावनाओं और लोगों को एकजुट करने की इसकी खूबी ने उन्हें काफी प्रभावित किया। प्रत्येक रस्म का अपना विशेष महत्व है और उसके पीछे अटूट आस्था एवं भक्ति जुड़ी हुई है। उनके लिए यह अनुभव केवल एक गाने की शूटिंग तक सीमित नहीं था, बल्कि एक खूबसूरत परंपरा को करीब से जानने और उसका हिस्सा बनने का अवसर था।

आयुष्मान खुराना ने बताया कि छठ पूजा के क्लाइमैक्स दृश्य की शूटिंग से पहले निर्देशक सूरज बड़जात्या ने पूरी कास्ट को एक साथ बुलाकर छठ पूजा का गीत सुनाया था। यह बेहद भावुक क्षण था और वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई थीं। इस अनुभव ने पूरे दृश्य को और भी अर्थपूर्ण बना दिया।

आयुष्मान ने कहा कि पूरी कास्ट सूरज बड़जात्या के छठ पूजा के दृश्य को प्रस्तुत करने के तरीके और इस पर्व की परंपराओं एवं भावनाओं को वास्तविक रूप में पर्दे पर उतारने के उनके प्रयास से बेहद प्रभावित हुई।

‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए आयुष्मान पहली बार सूरज बड़जात्या की फिल्म में नजर आएंगे। सूरज बड़जात्या अपने सिनेमा में परिवार, त्योहारों और भारतीय परंपराओं को विशेष महत्व देते रहे हैं। फिल्म का गीत ‘बुलाए छठी मां’ भारतीय सांस्कृतिक विरासत के साथ आस्था, कृतज्ञता और सामाजिक एकता की भावना को रेखांकित करता है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version