Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘प्रेम कीटाणु’ का संगीत आज के दौर की प्लेलिस्ट जैसा: गौरव वर्मा

वीर पहाड़िया, आफिया सैयद और निखिल विजय अभिनीत फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ के संगीत को लेकर निर्माता गौरव वर्मा का कहना है कि फिल्म का पूरा एल्बम आज के दौर की प्लेलिस्ट जैसा है। फिल्म के अब तक तीन गाने ‘अंडी बंडी’, ‘कहो तोह’ और ‘तू मेरा रैय्यो’ रिलीज हो चुके हैं। ‘अंडी बंडी’ में दोस्तों की मस्ती और हॉस्टल लाइफ, ‘कहो तोह’ में रोमांस, जबकि ‘तू मेरा रैय्यो’ में प्यार के सुकून भरे एहसास को पेश किया गया है।

‘अंडी बंडी’ को शशि सुमन और बृजेश शांडिल्य ने गाया है। शशि सुमन के संगीत से सजे इस गीत में लिटिल भाटिया और मेज़म्यूजिक का रैप भी है। ‘कहो तोह’ को अरमान मलिक ने आवाज दी है और इसे अंकुर आर. पाठक ने संगीतबद्ध किया है। इसमें अल्तमश फरीदी की कव्वाली शैली की आवाज सुनाई देती है। ‘तू मेरा रैय्यो’ को सचेत-परंपरा ने गाया और संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल कुणाल वर्मा ने लिखे हैं।

Also Read : मुंबई से दूर लेकिन गणपति बप्पा के करीब कार्तिक आर्यन

गौरव वर्मा ने कहा, “प्रेम कीटाणु के साथ हमारा मकसद था कि संगीत फिल्म के किरदारों की अलग-अलग भावनाओं को सामने लाए। हम चाहते थे कि यह आज के दौर की ऐसी प्लेलिस्ट लगे, जिसमें दोस्तों की मस्ती, किसी पर क्रश होने की मासूमियत, प्यार में पड़ने का उत्साह और उसके बाद आने वाली हर तरह की भावनाएं शामिल हों।”

उन्होंने कहा कि हर कंपोजर और गायक ने संगीत में अपना अलग रंग जोड़ा है। दर्शकों का अलग-अलग गानों से जुड़ना उनके लिए खुशी की बात है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि फिल्म का संगीत पर्दे से बाहर निकलकर लोगों की जिंदगी का हिस्सा बनेगा।

फिल्म के एल्बम में कुल सात गाने हैं। ‘प्रेम कीटाणु’ दो अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version