Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नवाजुद्दीन सिद्दीकी ‘कबूतर’ में निभाएंगे मुख्य भूमिका

Mumbai, Aug 28 (ANI): Bollywood actor Nawazuddin Siddiqui poses for a picture during the teaser launch of his upcoming movie 'Section 108', in Mumbai on Sunday. (ANI Photo)

बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी लेखक-निर्देशक इशान शर्मा की पहली फीचर फिल्म ‘कबूतर’ में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। भारत, फ्रांस और नॉर्वे के संयुक्त निर्माण में बन रही इस फिल्म की शूटिंग 2027 की शुरुआत में दिल्ली में शुरू होगी।

निर्माता निखिल चौधरी की कंपनी एमडीसी फिल्मवर्क्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में फ्रांस की हाइकू फिल्म्स और नॉर्वे की रीन फिल्म भी साझेदार हैं। रोहित सक्सेना भारतीय पक्ष से सह-निर्माता हैं।

पुरानी दिल्ली की जर्जर इमारतों और वहां की अनूठी दुनिया की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘कबूतर’ की कहानी महबूब नाम के एक सड़कछाप जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो गुप्त रूप से जिन्न के नाम लिखे खत पढ़ता है और संभावित ग्राहक तलाशता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात जापान से आई पर्यटक नाओको से होती है, जो अपने अतीत के दर्द से जूझ रही है। कहानी में रूबी नाम का एक बच्चा भी है, जो अपने माता-पिता की तलाश में है।

Also Read : जनगणना-2027 की तैयारी तेज, पौड़ी में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण संपन्न

निर्माता निखिल चौधरी ने कहा कि नवाजुद्दीन अपनी असाधारण अभिनय क्षमता और दिल्ली की गहरी समझ के कारण इस भूमिका के लिए उपयुक्त हैं। ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘द लंचबॉक्स’ और ‘मंटो’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से उन्होंने विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उनके और निर्देशक इशान शर्मा के लिए दिल्ली के प्रति प्रेम-पत्र की तरह है।

निर्देशक इशान शर्मा ने कहा कि नवाजुद्दीन लेखकों और निर्देशकों की एक पूरी पीढ़ी के लिए प्रेरणा रहे हैं। उनमें उम्मीद और निराशा, उजाले और अंधेरे जैसे परस्पर विरोधी भावों को सहजता से प्रस्तुत करने की दुर्लभ क्षमता है। उन्होंने कहा कि ‘कबूतर’ में अभिनेता का एक नया रूप देखने को मिलेगा।

फिल्म के कास्टिंग निर्देशक दिलीप शंकर ने कहा कि नवाजुद्दीन अपने बारीक अभिनय से महबूब के विचित्र हास्य, भावनात्मक गहराई और संवेदनशीलता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेंगे।

नवाजुद्दीन नेटफ्लिक्स की चर्चित सीरीज ‘सेक्रेड गेम्स’ और फिल्म ‘सीरियस मेन’ में भी अभिनय कर चुके हैं। ‘सीरियस मेन’ में उनकी भूमिका के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था।

फिल्म को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए सिएटल के तसवीर फिल्म मार्केट, गोवा के फिल्म बाजार और बर्लिन के यूरोपियन फिल्म मार्केट सहित प्रमुख फिल्म मंचों पर प्रस्तुत किया जाएगा। निर्माता निखिल चौधरी सिंगापुर में एशियन प्रोड्यूसर नेटवर्क के एपीएन प्लस ट्रैक के तहत भी फिल्म प्रस्तुत करेंगे।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version