नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्: राइज ऑफ ए लेजेंड’ के शुरुआती रिव्यू लॉस एंजिल्स में आयोजित ग्लोबल प्रीमियर के बाद सामने आए हैं। अंतरराष्ट्रीय समीक्षकों ने फिल्म के भव्य विजुअल्स, विशाल कैनवास और प्रभावशाली सिनेमाई प्रस्तुति की सराहना की है। फिल्म को कुछ समीक्षकों ने 10 में से नौ अंक तक दिए हैं।
‘स्क्रीन्ड एंड स्कोर्ड’ ने फिल्म को 10 में से नौ अंक देते हुए इसे असाधारण सिनेमाई अनुभव बताया और दोबारा देखने की इच्छा जाहिर की। वहीं, ‘रामाज़ स्क्रीन’ ने भी इसे नौ अंक दिए और इस वर्ष के यादगार सिनेमाई अनुभवों में से एक करार दिया।
इसके अलावा ‘स्क्रीनरेंट’ ने फिल्म को 10 में से सात अंक दिए। समीक्षा में इसके शानदार विजुअल्स और महागाथा के भव्य स्वरूप की तारीफ करते हुए इसे बड़े पर्दे पर देखने योग्य बताया गया है। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन ‘इंडीवायर’ ने भी फिल्म को सात अंक दिए। उसकी समीक्षा का शीर्षक था, ‘रामायणम्: राइज ऑफ ए लेजेंड रिव्यू: भारत की राष्ट्रीय महागाथा को मिला भव्य सिनेमाई रूप।’ समीक्षा में फिल्म के विशाल पैमाने और प्रभावशाली प्रस्तुति को सराहा गया है।
Also Read : नसीरुद्दीन शाह के विचार भारतीय लोकतंत्र के लिए ‘बेहद हानिकारक’ हैं : किरेन रीजीजू
समीक्षक ‘हू लेट एलिसा आउट’ ने भी फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर करते हुए कहा, “रामायणम् एक ऐसी फिल्म है, जैसी मैंने आज तक कभी नहीं देखी!”
फिल्म को मिली इन शुरुआती प्रतिक्रियाओं को भारतीय सिनेमा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नमित मल्होत्रा भारतीय संस्कृति और परंपरा की लोकप्रिय महागाथा ‘रामायण’ को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। फिल्म की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही चर्चा भारतीय सिनेमा की बढ़ती वैश्विक महत्वाकांक्षा और भव्य कहानियों को विश्वस्तरीय सिनेमाई स्वरूप में प्रस्तुत करने की क्षमता को भी दर्शाती है।
लॉस एंजिल्स प्रीमियर के बाद सामने आई समीक्षाओं से फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है। समीक्षकों ने इसके भव्य पैमाने, दृश्य प्रभावों और सिनेमाघरों में देखने के अनुभव को खास तौर पर सराहा है।
Pic Credit : UNI
