Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘रामायणम्’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, पहले दिन दुनियाभर में कमाए 155 करोड़ रुपये

फिल्म ‘रामायणम्’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करते हुए इतिहास रच दिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी और नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन दुनियाभर में 155 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। इसके साथ ही यह दिवाली से पहले रिलीज होने वाली भारतीय फिल्मों में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।

प्राइम फोकस स्टूडियो और रॉकिंग स्टार यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले निर्मित ‘रामायणम्: पार्ट वन’ पांच नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। फिल्म के जरिए भारतीय संस्कृति की सदियों पुरानी महागाथा को भव्य सिनेमाई स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है।

Also Read : डीआरडीओ ने अर्ध-बैलिस्टिक मिसाइल प्रलय का किया सफल परीक्षण

फिल्म की 155 करोड़ रुपये की वैश्विक ओपनिंग को दिवाली से पहले भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी शुरुआत बताया जा रहा है। इससे पहले दिवाली के आसपास रिलीज हुई फिल्मों के लिए पहले दिन का सर्वाधिक अखिल भारतीय नेट कलेक्शन 40 करोड़ रुपये और दुनियाभर का ग्रॉस कलेक्शन 94 करोड़ रुपये रहा था।

आमतौर पर दिवाली से ठीक पहले का समय फिल्मों की रिलीज के लिहाज से चुनौतीपूर्ण माना जाता है। इस दौरान लोग घरों की साफ-सफाई, सजावट, खरीदारी और त्योहार की तैयारियों में व्यस्त रहते हैं। इसके कारण सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या प्रभावित होती है। हालांकि, ‘रामायणम्’ ने इस धारणा को तोड़ते हुए पहले ही दिन दर्शकों को बड़ी संख्या में सिनेमाघरों तक खींचने में सफलता हासिल की।

फिल्म को लेकर दर्शकों के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुरुआती शोज से ही सिनेमाघरों में अच्छी भीड़ देखने को मिली। दिवाली का त्योहार अभी बाकी है और फिल्म ने उससे पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में इसके कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version