Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में रेखा को मिलेगा ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान

भारतीय सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री रेखा इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) 2026 में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में शामिल होंगी और उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। फेस्टिवल के आयोजकों ने बताया कि रेखा की कालजयी फिल्म ‘उमराव जान’ की विशेष स्क्रीनिंग भी आयोजित की जाएगी। मुजफ्फर अली निर्देशित इस फिल्म में उनके अभिनय को भारतीय सिनेमा के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में गिना जाता है।

इस अवसर पर रेखा ने कहा कि ‘उमराव जान’ उनकी यादों और दर्शकों के दिलों में आज भी जीवित है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिल्म को सम्मान मिलना उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान को अपने फिल्मी सफर के साथ-साथ उन सभी फिल्मकारों, लेखकों, संगीतकारों और सहयोगियों को समर्पित किया, जिन्होंने उनके जीवन और करियर को समृद्ध बनाया।

Also Read : अल्लू अर्जुन ने फैंस के लिए शुरू की इंश्योरेंस सुविधा

फेस्टिवल की परंपरा के तहत 15 अगस्त को रेखा मेलबर्न में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज भी फहराएंगी। इस समारोह में ऑस्ट्रेलिया में बसे भारतीय समुदाय, फिल्मकार, कलाकार और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

आईएफएफएम की संस्थापक एवं फेस्टिवल निदेशक मितु भौमिक लांगे ने कहा कि रेखा भारतीय सिनेमा की सदाबहार आइकन हैं और उनकी विरासत दुनिया भर के दर्शकों को प्रेरित करती रही है। उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता दिवस पर रेखा द्वारा तिरंगा फहराना और उन्हें ‘एक्सीलेंस इन सिनेमा’ सम्मान प्रदान करना फेस्टिवल के लिए गर्व का विषय है।

उल्लेखनीय है कि तीन से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाला इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न भारतीय सिनेमा के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में शामिल है और भारत तथा ऑस्ट्रेलिया के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version