फिल्म निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपने नए म्यूज़िक लेबल ‘एक्सेल म्यूज़िक’ की शुरुआत की है। यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप इसके रणनीतिक साझेदार तथा मार्केटिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर के रूप में जुड़ा है।
कंपनी ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि एक्सेल म्यूज़िक उसकी रचनात्मक यात्रा का नया अध्याय है। यह मंच एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्मों के ओरिजिनल साउंडट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर के साथ-साथ अन्य प्रमुख फिल्म निर्माताओं और प्रोडक्शन हाउस की फिल्मों का संगीत भी प्रस्तुत करेगा।
एक्सेल म्यूज़िक की पहली प्रस्तुति फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का साउंडट्रैक एल्बम होगी। यह फिल्म 04 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। एल्बम का पहला गीत हरियाणवी गायक धांडा के साथ तैयार किया गया है, जो इसके जरिए बॉलीवुड में पदार्पण कर रहे हैं। यह गीत इसी सप्ताह जारी किया जाएगा।
Also Read : मुंबई रेलवे स्टेशनों से आवारा कुत्तों को हटाने के खिलाफ शालिनी पांडे ने उठाई आवाज
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पिछले दो दशकों में ‘दिल चाहता है’, ‘लक्ष्य’, ‘रॉक ऑन!!’, ‘कार्तिक कॉलिंग कार्तिक’, ‘ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा’, ‘दिल धड़कने दो’, ‘बार बार देखो’, ‘रईस’ और ‘गली बॉय’ जैसी फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा को कई यादगार संगीत एल्बम दिए हैं।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के संस्थापक रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने कहा कि संगीत हमेशा उनकी रचनात्मक यात्रा का अहम हिस्सा रहा है और एक्सेल म्यूज़िक उसी जुनून का स्वाभाविक विस्तार है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य देश के बेहतरीन रचनात्मक प्रतिभाओं के साथ मिलकर ऐसा संगीत तैयार करना है, जो पीढ़ियों तक श्रोताओं के दिलों में अपनी जगह बनाए।
यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप के भारत एवं दक्षिण एशिया के प्रबंध निदेशक सानुजीत भुजाबल ने कहा कि एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपनी प्रभावशाली फिल्मों के माध्यम से समकालीन हिंदी सिनेमा को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सल म्यूज़िक ग्रुप अपनी वैश्विक पहुंच, कलाकारों तथा विश्वस्तरीय मार्केटिंग एवं डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के जरिए एक्सेल म्यूज़िक को भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के श्रोताओं तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Pic Credit : ANI
