अभिनेत्री और गायिका शहनाज गिल ने अपनी आगामी फिल्म ‘इश्क़नामा’ के चर्चित गीत ‘नरक’ का स्पेशल कवर वर्जन पेश किया है। फिल्म की रिलीज से पहले जारी किए गए इस कवर वर्जन में शहनाज ने अपनी आवाज और अंदाज से गाने को एक नया भाव दिया है। मूल गीत को बी प्राक और ज्योतिका टांगरी ने आवाज दी है। जानी के लिखे और कंपोज किए गए इस गीत में फिल्म के मुख्य किरदार नसीमा और निम्मा के बीच दर्द, तड़प और अनकहे प्यार को दर्शाया गया है।
फिल्म में नसीमा की भूमिका निभा रहीं शहनाज ने कहा कि ‘नरक’ उनके पसंदीदा गानों में से एक है और इसका अपना वर्जन रिकॉर्ड करना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि बी प्राक और ज्योतिका ने मूल गीत को बेहद खूबसूरती से पेश किया है और उन्होंने इसे अपने अंदाज में गाने की कोशिश की है।
Also Read : दीपके अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे
शहनाज गिल इससे पहले भी पंजाबी और हिंदी संगीत के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। इस कवर वर्जन के जरिए उन्होंने फिल्म के किरदार और कहानी से अपने भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाया है।
‘इश्क़नामा’ निम्मा और नसीमा की असाधारण सच्ची कहानी से प्रेरित फिल्म है, जिसकी कहानी वर्ष 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में शहनाज गिल, जय रंधावा और सौरभ सचदेवा मुख्य भूमिकाओं में हैं। अरविंदर एस. खैरा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को भारत, कनाडा और ब्रिटेन के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Pic Credit : ANI
