Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

‘प्यादे’ के टीजर में जिमी शेरगिल और अध्ययन सुमन की तीखी पूछताछ से बढ़ा सस्पेंस

बॉलीवुड अभिनेता जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रणूतन बहल अभिनीत रहस्य एवं रोमांच से भरपूर फिल्म ‘प्यादे’ का पहला आधिकारिक टीजर जारी कर दिया गया है। टीजर में जिमी शेरगिल और अध्ययन सुमन के बीच तीखी पूछताछ और रहस्यमयी संवाद ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

शाइनिंग मून पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में सत्ता, साजिश, रहस्य और चालबाजी का दिलचस्प खेल देखने को मिलेगा। शेखर एस. झा के लेखन एवं निर्देशन में बनी फिल्म की कहानी में हर किरदार का अपना मकसद है और हर कदम के पीछे कोई न कोई राज छिपा है।

टीजर की शुरुआत पूछताछ के एक तनावपूर्ण दृश्य से होती है, जिसमें जिमी शेरगिल पूछताछ अधिकारी की भूमिका में नजर आते हैं, जबकि अध्ययन सुमन एक संदिग्ध के रूप में दिखाई देते हैं। 

Also Read : देवउठावनी एकादशी : सनातनी आस्था, संस्कार और संस्कृति का महापर्व

दोनों के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला धीरे-धीरे रहस्य को और गहरा करता जाता है। हर जवाब के साथ एक नया सवाल सामने आता है और दर्शकों के मन में यह जिज्ञासा बनी रहती है कि आखिर पर्दे के पीछे चल क्या रहा है।

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक शेखर एस. झा ने कहा कि ‘प्यादे’ के जरिए वह इंसानी व्यवहार के अनिश्चित पहलुओं को सामने लाना चाहते हैं, जहां प्रत्येक व्यक्ति के पीछे कोई न कोई मकसद होता है और हर कदम का अपना परिणाम। उन्होंने कहा कि पूछताछ का यह सिलसिला एक बड़े खेल की शुरुआत है। सीधी-सादी नजर आने वाली कहानी की कई परतों में रहस्य छिपे हैं।

फिल्म का निर्माण रिंकू सिंह ने शाइनिंग मून पिक्चर्स के बैनर तले किया है। इससे पहले वह नाना पाटेकर और माही गिल अभिनीत एक फिल्म में व्यवसाय प्रमुख की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में रिलीज हुई प्रियंशु चटर्जी अभिनीत फिल्म ‘लिटिल बेबी’ का निर्माण भी किया था।

फिल्म में जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रणूतन बहल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। रहस्य, रोमांच और अप्रत्याशित मोड़ से भरपूर यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version