Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

देवउठावनी एकादशी : सनातनी आस्था, संस्कार और संस्कृति का महापर्व

देव जागे, शुभ कार्यों का शुभारंभ हुआ; अब समाज भी अपनी धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागृत हो।

भारतीय सनातन संस्कृति में पर्व-त्योहार केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को संस्कार, सदाचार और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के पावन अवसर हैं। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाई जाने वाली देवउठावनी एकादशी, देवोत्थान और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी प्रसिद्ध है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन और विवाह सहित विभिन्न मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार आषाढ़ शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। चार महीने बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवगण शंख, घंटियां और मंगल ध्वनि के साथ उनका जागरण करते हैं। भक्तजन भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना करते हैं। इसी दिन अनेक स्थानों पर भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह भी संपन्न कराया जाता है, जिसे तुलसी विवाह कहते हैं।

यह पर्व केवल देव जागरण का नहीं, बल्कि हमारी सोई हुई सांस्कृतिक चेतना को जगाने का भी संदेश देता है। विवाह भारतीय संस्कृति में महज उत्सव नहीं, बल्कि दो परिवारों के बीच पवित्र संबंध और जीवनपर्यंत निभाए जाने वाले संस्कारों का प्रतीक है। ऐसे में आत्ममंथन आवश्यक है कि हमारे मांगलिक आयोजन वास्तव में हमारी धार्मिक परंपराओं और आदर्शों के अनुरूप हैं या नहीं।

Also Read : ओमान एयर ने दिल्ली में खोला नया कार्यालय

आज अनेक विवाह समारोहों में मांसाहार और मदिरापान को आधुनिकता, प्रतिष्ठा और दिखावे का प्रतीक बना दिया गया है। जिस विवाह को देवताओं की साक्षी में संपन्न होने वाला पवित्र संस्कार माना जाता है, उसी आयोजन में नशाखोरी और अमर्यादित व्यवहार को उत्सव का हिस्सा बनाना चिंताजनक है। विशेषकर मदिरापान से उत्पन्न दुर्व्यवहार और सामाजिक अव्यवस्था शुभ अवसर की गरिमा को प्रभावित करते हैं। धार्मिक एवं संस्कारप्रधान आयोजनों में ऐसी प्रवृत्तियां सनातन संस्कृति के आदर्शों के विपरीत संदेश देती हैं और उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल कर सकती हैं।

सनातन धर्म हमें संयम, करुणा, अहिंसा, शुचिता और सद्भाव की शिक्षा देता है। खान-पान की परंपराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन मांगलिक आयोजनों में सात्त्विकता, मर्यादा और नशामुक्त वातावरण को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आधुनिकता का अर्थ अपनी सांस्कृतिक पहचान और संस्कारों से विमुख होना नहीं है।

देवउठावनी एकादशी हमें संकल्प लेने का अवसर देती है कि विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों को दिखावे और प्रतिस्पर्धा के बजाय संस्कार, पारिवारिक एकता और सद्भाव का माध्यम बनाएं। आने वाली पीढ़ियों को धर्म का उपदेश देने के साथ अपने आचरण से भी आदर्श प्रस्तुत करें।

आइए, इस देवोत्थान पर केवल देवों को ही नहीं, अपनी सोई हुई सांस्कृतिक चेतना को भी जगाएं। उत्सव में उल्लास हो, लेकिन संस्कारों की मर्यादा भी बनी रहे। यही देवउठावनी एकादशी की वास्तविक सार्थकता और भगवान श्रीहरि विष्णु के प्रति सच्ची श्रद्धा है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version