पारिवारिक रिश्तों, हास्य और अप्रत्याशित घटनाओं से भरपूर मराठी फिल्म ‘अफरातफरी’ 13 नवंबर को मराठी जी5 पर रिलीज होगी। मिलिंद जुंबर कवड़े के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म में मोहन आगाशे, संजय नार्वेकर और ओंकार भोजने मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में शशांक शेंडे, असावरी जोशी, प्राजक्ता हनमघर, किरण माने, नेहा खान और हेमंत पाटिल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
फिल्म की कहानी तीन भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। पिता की मौत के बाद उन्हें बड़ी बीमा राशि मिलने की उम्मीद बंधती है। इसके बाद अपनी-अपनी जरूरतों और महत्वाकांक्षाओं के चलते तीनों ऐसे फैसले लेते हैं, जिनसे परिवार में हास्यास्पद परिस्थितियां, गलतफहमियां और अप्रत्याशित घटनाएं पैदा होती हैं। पैसों को लेकर शुरू हुई खींचतान धीरे-धीरे पारिवारिक रिश्तों और आपसी विश्वास की परीक्षा लेने लगती है।
Also Read : ‘रामायणम्’ ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास, पहले दिन दुनियाभर में कमाए 155 करोड़ रुपये
फिल्म में हास्य के साथ पारिवारिक भावनाओं और रिश्तों की जटिलताओं को भी दर्शाया गया है। कहानी यह सवाल उठाती है कि आर्थिक स्वार्थ जब रिश्तों पर हावी होने लगता है, तब परिवार की एकजुटता किस तरह प्रभावित होती है।
अभिनेता मोहन आगाशे ने कहा कि यह फिल्म हंसी-मजाक और पारिवारिक घटनाओं के माध्यम से इंसानी व्यवहार के विभिन्न पहलुओं को सामने लाती है। वहीं, शशांक शेंडे ने फिल्म की कहानी को आम जिंदगी से जुड़ा और दिलचस्प बताया।
संजय नार्वेकर के अनुसार, फिल्म में एक घटना से दूसरी घटना जुड़ती चली जाती है और किरदार लगातार नई मुसीबतों में फंसते जाते हैं। ओंकार भोजने ने कहा कि फिल्म के दिलचस्प किरदार और उनके फैसले कहानी को अप्रत्याशित मोड़ देते हैं।
निर्देशक मिलिंद जुंबर कवड़े ने कहा कि फिल्म के जरिए वह दिखाना चाहते थे कि पैसों की उम्मीद परिवार के करीबी रिश्तों के समीकरण किस तरह बदल सकती है। उन्होंने हास्य को परिस्थितियों और किरदारों के स्वाभाविक व्यवहार से जोड़ने का प्रयास किया है।
स्काईलाइन सिनेमैटिक और येन मूवी स्टूडियोज की प्रस्तुति तथा आउट ऑफ द बॉक्स फिल्म्स के सहयोग से बनी इस फिल्म का निर्माण यूसुफ शेख और देव गुप्ता ने किया है।
Pic Credit : UNI
