Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

शिक्षक दिवस पर अपने स्कूल पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर यहां अपने स्कूल ज्ञान निकेतन पहुंचे और कहा कि उनके स्कूली जीवन के शुरुआती वर्षों की यादें हमेशा उनके मन में कायम रहेंगी। नवीन ने कहा कि वह जिस भी पद पर रहें, उनके स्कूल के प्रति उनकी भावनाएं हमेशा वैसी ही रहेंगी।

उन्होंने कहा शिक्षक दिवस के मौके पर अपने स्कूल आने का अवसर पाकर मैं बहुत खुश हूं। मैं जिस भी पद पर रहूं, अपने स्कूल के प्रति मेरी भावनाएं नहीं बदलेंगी। स्कूल के शुरुआती साल हर बच्चे के लिए हमेशा यादगार होते हैं, चाहे वह जीवन में कितनी भी ऊंचाइयों तक पहुंच जाए।

भाजपा अध्यक्ष ने पूर्व आईपीएस अधिकारी और महावीर मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक सचिव दिवंगत किशोर कुणाल को याद किया, जिन्होंने उनके स्कूल की स्थापना की कल्पना की थी।

नवीन ने स्कूल परिसर में किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा इस प्रतिमा ने मेरे अंदर नयी ऊर्जा जगाई है और यह बच्चों को ऐसे सक्षम अधिकारी बनने के लिए प्रेरित करेगी, जो समाज के लिए अपनी स्थायी विरासत छोड़ सकें।

Also Read : नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,344 हुई, करीब 4,900 लोग अब भी लापता

नवीन ने किशोर कुणाल की पत्नी अनीता कुणाल से आशीर्वाद लिया। अनीता कुणाल ने उस दौर में स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी संभाली थी जब नवीन ने पढ़ाई की शुरुआत की थी।

उन्होंने कहा मैडम के मार्गदर्शन में स्कूल का विस्तार हुआ और इसे सुंदर रूप दिया गया। मुझे किशोर कुणाल का आशीर्वाद मिला था और बाद में मैंने राजनीति में कदम रखा। आज शिक्षक दिवस पर मैं इसी परिसर में खड़ा हूं और मैडम का आशीर्वाद प्राप्त कर रहा हूं।

भाजपा अध्यक्ष ने उनके छात्र जीवन के दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य रहे जे एन दत्त को भी याद किया।

उन्होंने कहा आज इस स्कूल के पूर्व छात्र देशभर में अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष स्थान हासिल कर चुके हैं और वे न केवल इस स्कूल का, बल्कि पूरे राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version