Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जमानत के तुरंत बाद फिर गिरफ्तार हुए आप विधायक

नई दिल्ली। गैंगेस्टरों के साथ संबंध रखने और वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान को जमानत मिलते ही दिल्ली पुलिस ने बुधवार को फिर गिरफ्तार कर लिया। उन्हें मकोका मामले में गिरफ्तार किया गया है। उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक बाल्यान को राउज एवेन्यू कोर्ट से दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के ऑफिस ले जाया गया है। इससे पहले बुधवार को ही उन्हें जबरन वसूली मामले में जमानत मिली थी।

गौरतलब है कि 30 नवंबर को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने नरेश बाल्यान को 2023 के जबरन वसूली मामले में गिरफ्तार किया था। उसी दिन भाजपा ने बाल्यान का एक ऑडियो क्लिप जारी किया था। भाजपा का कहना है कि नरेश का संबंध गैंगस्टरों से है और वे वसूली गैंग चलाते हैं। उनके ऊपर हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन का आरोप भी भाजपा ने लगाया। हालांकि बाल्यान ने ऑडियो को फर्जी बताया।

बाल्यान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय के पोस्ट को रिट्वीट किया। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट ने इस ऑडियो को गलत बताते हुए सभी चैनलों से फर्जी खबर को हटवाया था। ये कई साल पुराना मामला है। उनका कहना है कि जब केजरीवाल ने कानून व्यवस्था पर भाजपा को घेरा है तो भाजपा वाले कई साल पुरानी फर्जी खबर लेकर आए हैं।

Exit mobile version