Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जमानत के लिए केजरीवाल हाई कोर्ट पहुंचे

Kejriwal

Image Credit: Moneycontrol

नई दिल्ली। शराब नीति में हुए कथित घोटाले के मामले में सीबीआई की ओर से दर्ज कराए गए भ्रष्टाचार मामले में जमानत के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की। अदालत इस पर शुक्रवार को सुनवाई करेगी। गौरतलब है कि सीबीआई ने केजरीवाल को 26 जुलाई को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था। तब केजरीवाल शराब नीति से जुड़े कथित धन शोधन के मामले में तिहाड़ जेल में बंद थे। उनको मार्च में ईडी ने गिरफ्तार किया था।

केजरीवाल के वकील रजत भारद्वाज ने दिल्ली हाई कोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस मनमोहन और जस्टिस तुषार राव गेदेला के सामने उनकी जमानत की याचिका को तुरंत सुनवाई के लिए रखा। रजत भारद्वाज ने कहा कि केजरीवाल को बिना सही न्यायिक प्रक्रिया का पालन किए हिरासत में ले लिया गया था। वकील ने गुरुवार को इस मामले की सुनवाई की मांग की। इस पर जस्टिस मनमोहन ने कहा कि संबंधित जज को दस्तावेज पढ़ने का समय दीजिए। हम एक दिन बाद इस मामले की सुनवाई करेंगे।

केजरीवाल ने सीबीआई केस में अपनी गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के फैसले को भी हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। इस मामले में जस्टिस नीना बंसल ने मंगलवार यानी दो जुलाई को सुनवाई की और सीबीआई को नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब दाखिल करने को कहा है। मामले की अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी। इस बीच ईडी के धन शोधन वाले केस में बुधवार को ही दिल्ली की एक अदालत ने केजरीवाल की हिरासत 12 जुलाई तक बढ़ा दी है।

Exit mobile version