Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आप सरकार की योजनाएं जारी रखेगी भाजपा

Delhi Assembly elections

Delhi Assembly elections:  भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया है।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को संकल्प पत्र जारी किया और इसे ‘विकसित दिल्ली की नींव’ बताया।

उन्होंने पार्टी की ओर से जो वादे किए उनके अलावा इस बात पर जोर दिया कि दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार की जो योजनाएं चल रही हैं उनको जारी रखा जाएगा।

नड्डा ने कहा कि मुफ्त बिजली, पानी और बस सेवा की जो योजनाएं चल रही हैं, भाजपा की सरकार बनी तो वो सारी योजनाएं चलती रहेंगी।

also read: देश 2026 तक नक्सलमुक्त होकर रहेगा : अमित शाह

नड्डा ने कहा कि आप सरकार की योजनाओं के अलावा भाजपा की सरकार बनी तो दिल्ली में महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपए दिए जाएंगे।

उन्होंने गरीब महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर पर पांच सौ रुपए की सब्सिडी देने का वादा किया और साथ ही होली व दीवाली पर एक एक मुफ्त सिलेंडर देने का भी ऐलान किया।

नड्डा ने ऐलान किया कि मातृ सुरक्षा वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को 21 हजा रुपए दिए जाएंगे और छह पोषण किट भी दी जाएंगी।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बताया कि 60 से 70 साल के बुजुर्गों के मिलने वाली पेंशन दो हजार से बढ़ाकर ढाई हजार की जाएगी।

विधवा, दिव्यांगों और 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को तीन हजार रुपए पेंशन मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो दिल्ली की झुग्गी झोपड़ियों में अटल कैंटीन योजना के तहत गरीबों को पांच रुपए में पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

नड्डा ने इस दौरान आम आदमी पार्टी पर हमला किया और कहा कि उसने मोहल्ला क्लीनिक को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। भाजपा की सरकार बनी तो उसकी जांच कराई जाएगी।

पूर्वांचल के लोगों के मान अपमान को लेकर चल रही बहस के बीच नड्डा ने कहा कि कोरोना के दौरान पूर्वांचल वालों को भी आपदा सरकार वालों ने परेशान किया।

उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया। नड्डा ने कहा, ‘कोरोना के दौरान उन्हें आनंद विहार स्टेशन भेजकर उन्हें परेशान किया। आज आपदा वाले उनके हिमायती बन रहे हैं’।

उधर, अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा, ‘इसमें कानून व्यवस्था सुधारने पर एक लाइन नहीं थी’।

Exit mobile version