Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

संजय सिंह और सिसोदिया की हिरासत बढ़ी

नई दिल्ली। दिल्ली की नई शराब नीति में हुए कथित घोटाले के आरोपी आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आदेश दिया कि दोनों को 20 जनवरी तक हिरासत में रहना होगा। दोनों की हिरासत बुधवार को खत्म हो रही थी, जिसके बाद उन्हें एक साथ कोर्ट में पेश किया गया।

दूसरी ओर अदालत ने राज्यसभा का चुनाव लड़ रहे संजय सिंह को 12 जनवरी को दोपहर दो बजे रिटर्निंग ऑफिसर के पास पहुंचकर जीत का सर्टिफिकेट लेने की इजाजत दे दी है। इससे पहले कोर्ट ने उनको नामांकन भरने के लिए भी बाहर जाने की इजाजत दी थी। इसके अलावा, राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह के करीबी सर्वेश मिश्रा को अंतरिम जमानत दे दी है। हालांकि बताया जा रहा है कि सर्वेश अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण बुधवार को कोर्ट में पेश नहीं हो पाए।

गौरतलब है कि मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने फरवरी 2023 में गिरफ्तार किया था। सिसोदिया के पास आबकी विभाग भी था इसलिए शराब नीति घोटाले में उनको मुख्य आरोपी बनाया गया था। दूसरी ओर संजय सिंह को पिछले साल अक्टूबर में गिरफ्तार किया गया। दो आरोपियों के सरकारी गवाह बनने के बाद संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार किया।

Exit mobile version