Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में गर्मी से मौत

नई दिल्ली। अब तक हीटवेव से राजस्थान में लोगों के मरने की खबरें आ रही थीं लेकिन गुरुवार को राजधानी दिल्ली में एक व्यक्ति की प्रचंड गर्मी के चलते जान चली गई। यह दिल्ली में इस तरह की पहली मौत है। भीषण गर्मी की शिकार हुए 40 साल के व्यक्ति ने राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसे सोमवार की रात को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

डॉक्टरों ने बताया कि वह बिना कूलर या पंखे वाले कमरे में रह रहा था और उसे तेज बुखार था।डॉक्टर के मुताबिक, मृतक के शरीर का तापमान 107 डिग्री फारेनहाइट पहुंच गया था, जो सामान्य से लगभग 10 डिग्री ज्यादा है। व्यक्ति बिहार के दरभंगा का रहने वाला था और दिल्ली में मजदूरी करता था।

इससे पहले मौसम विभाग ने गुरुवार को सात राज्यों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया। इनमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड औरओडिशा शामिल हैं। गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली में पिछले करीब दो हफ्ते से तापमान लगातार सामान्य से ऊपर है और इस हफ्ते तो पारा नए रिकॉर्ड बना रहा है। बुधवार को मंगेशपुर में तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। गुरुवार को भी दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा।बहरहाल, सात राज्यों में रेड अलर्ट के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, जम्मू संभाग, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में ऑरेंज अलर्ट है।

उत्तरपश्चिमी राज्यों में भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर भी आई है। मानसून केरल पहुंच गया है। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में भी मानसून की एंट्री हो गई है। आमतौर पर मानसून केरल में एक जून तक पहुंचता है। पिछले साल इसमें देरी हुई थी और यह आठ जून को केरल पहुंचा था। लेकिन इस बार 30 मई को ही मानसून केरल और पूर्वोत्तर में पहुंच गया। दिल्ली में मानसून 27 जून तक आएगा।

Exit mobile version