Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में अकेले लड़ेगी केजरीवाल की पार्टी

नई दिल्ली। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के नतीजों के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी ने ऐलान किया है कि वह दिल्ली में विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ेगी। इसकी घोषणा करते हुए आम आदमी पार्टी ने भाजपा के साथ साथ कांग्रेस को भी निशाना बनाया। आप की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने बुधवार को कहा- हम ओवर कॉन्फिडेंट कांग्रेस और अहंकारी भाजपा से अकेले लड़ने में सक्षम हैं।

आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता ने कांग्रेस को निशाना बनाते हुए कहा- पिछले 10 सालों से दिल्ली विधानसभा में कांग्रेस के पास कोई सीट नहीं है, फिर भी आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को तीन सीटें दीं। इसके बावजूद कांग्रेस को हरियाणा में सहयोगियों को साथ लेना जरूरी नहीं लगा।

आप ने आरोप लगाया कि हरियाणा चुनाव में कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन की पार्टियों को गंभीरता से नहीं लिया और गठबंधन नहीं किया। आखिर में कांग्रेस को अपने ओवर कॉन्फिडेंस के कारण हार का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आप में गठबंधन नहीं हो सका था। आप ने नौ सीटें मांगी थीं, जिसे कांग्रेस ने ठुकरा दिया था। इसके बाद आप ने राज्य की 90 सीटों में से 89 पर चुनाव लड़ा। हालांकि, पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली लेकिन उसने पांच सीटों पर कांग्रेस को चुनाव हरवा दिया।

Exit mobile version