Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

केजरीवाल, प्रवेश वर्मा ने नामांकन दाखिल किया

delhi election result

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली सीट से चौथी बार नामांकन दाखिल किया। वे दिसंबर 2013 से तीन बार यह सीट जीत चुके हैं। नामांकन से पहले उन्होंने वाल्मीकि मंदिर में पूजा की। इसके बाद वे हनुमान मंदिर पहुंचे। पूजा के बाद उन्होंने कहा, ‘भगवान मेरे साथ है’। उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे भाजपा के उम्मीदवार, पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा ने भी बुधवार को ही नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित गुरुवार को परचा भरेंगे।

बहरहाल, आप सुप्रीमो केजरीवाल ने हनुमान मंदिर में पूजा करने के बाद कार्यकर्ताओं के साथ रैली करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा, ‘मैं दिल्ली के लोगों को कहना चाहूंगा कि काम के लिए वोट दीजिएगा। एक तरफ काम करने वाली पार्टी है और दूसरी ओर गाली गलौज वाली पार्टी है। हम इस बात पर चुनाव लड़ रहे हैं कि पिछले 10 सालों में क्या काम हुआ है’।

इस बीच भाजपा के उम्मीदवार प्रवेश वर्मा पर महिलाओं को जूते बांटने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई है। निर्वाचन अधिकारी ने दिल्ली पुलिस को मामला दर्ज करने के लिए चिट्‌टी लिखी थी। गौरतसब है कि पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल का सामना दो दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों से होगा। प्रवेश वर्मा पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं, वहीं संदीप दीक्षित पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे हैं। केजरीवाल दिसंबर 2013 में शीला दीक्षित को हरा कर ही मुख्यमंत्री बने थे।

Exit mobile version